Muzaffarpur News: पियर में जुटे सीनियर सिटीजन, संगठन को मजबूत करने का संकल्प
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 17 May 2026 10:00 PM
समारोह के दौरान बुजुर्गों को श्रीरामचरितमानस भेंट करते अतिथि
Muzaffarpur News: पियर में प्रगतिशील सीनियर सिटीजन काउंसिल के दिवंगत प्रखंड अध्यक्ष श्यामनंदन प्रसाद ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई गई. इस मौके पर सेवानिवृत्त डीएम ने 50 बुजुर्गों को श्रीरामचरितमानस भेंट की. जानिए खबर विस्तार से…
Muzaffarpur News: प्रगतिशील सीनियर सिटीजन काउंसिल के दिवंगत प्रखंड अध्यक्ष श्यामनंदन प्रसाद ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को उनके पियर स्थित पैतृक आवास पर ‘सीनियर सिटीजन मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्मानंद ठाकुर ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड अध्यक्ष रघुनंदन प्रसाद सिंह उर्फ अमर भाई ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत श्यामनंदन बाबू के तैलचित्र पर उपस्थित अतिथियों द्वारा माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.
संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और सेवानिवृत्त डीएम विष्णुदेव प्रसाद सिंह द्वारा क्षेत्र के करीब 50 बुजुर्गों व प्रबुद्ध जनों के बीच ‘श्रीरामचरितमानस’ ग्रंथ भेंट किया गया. उन्होंने सभी से इस पवित्र ग्रंथ के आदर्शों को अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने की भावुक अपील की. सेवानिवृत्त डीएम ने कहा कि पितरों के आशीर्वाद के बिना कोई भी शुभ कार्य संभव नहीं है.
प्रगतिशील सीनियर सिटीजन काउंसिल के जिलाध्यक्ष उदयशंकर प्रसाद सिंह ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि श्यामनंदन बाबू की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज इतनी तेज धूप में भी हम सब उनकी पुण्यतिथि पर एक सूत्र में इकट्ठे हुए हैं. उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि मलीमास (मलमास) की समाप्ति के बाद अच्छे और कर्मठ लोगों के हाथों में संगठन का नेतृत्व सौंपें. वहीं, नवल किशोर ठाकुर और कटरा के कैलाश सिंह ने कहा कि श्यामनंदन बाबू ने बिना किसी निजी स्वार्थ के गांव-गांव जाकर बुजुर्गों को एकजुट किया था.
मलीमास के बाद होगा नई कमेटी का चुनाव
कार्यक्रम का संचालन कर रहे अमर भाई ने घोषणा की कि मलीमास समाप्त होते ही संगठन को नई गति देने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से नई कमेटी का चुनाव किया जाएगा. धन्यवाद ज्ञापन करते हुए दिवंगत श्यामनंदन बाबू के पुत्र अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि सीनियर सिटीजन समाज के लिए एक अनमोल धरोहर हैं, जिनके अनुभवों को अपनाकर समाज को नई दशा और दिशा दी जा सकती है. उन्होंने संकल्प लिया कि वे संगठन में अपने बाबूजी की कमी को कभी खलने नहीं देंगे और इसके लिए पूरा समय देंगे.
इस भावपूर्ण मौके पर दिवंगत श्यामनंदन बाबू के चारों पुत्र मुकुंद कुमार ठाकुर, अजय कुमार ठाकुर, राजीव कुमार, पंकज कुमार के अलावा केशव किशोर सिंह, शिवकुमार झा, डॉ. लखेन्द्र प्रसाद ठाकुर, कुंदन कुमार, संदीप कुमार समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग और सीनियर सिटीजन मौजूद थे.
मुजफ्फरपुर से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










