मुजफ्फरपुर: घर में घुसे अपराधियों ने महिला को मारी गोली, गांव में फैली दहशत

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur Crime sahebganj woman-shot-dead-inside-house-love-affair-dispute

प्रतीकात्मक फोटो

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर के गौड़ा गांव में देर रात घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद का एंगल सामने आया है. घटना के बाद गांव में दहशत है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर के गौड़ा गांव में गुरुवार देर रात हुई महिला हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. अपराधियों ने घर में घुसकर सो रही महिला को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. शुरुआती जांच में मामला पुराने प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

घर में घुसकर महिला पर बरसाईं गोलियां

मृतका की पहचान गौड़ा गांव निवासी महेश पासवान की पत्नी 35 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मीना देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं. इसी दौरान देर रात अपराधी घर में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है.

पूर्व वार्ड सदस्या थीं निशाने पर

ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से एक प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था. चर्चा है कि अपराधी किसी पूर्व वार्ड सदस्या को निशाना बनाने पहुंचे थे, लेकिन वह उस रात दूसरे कमरे में सो रही थीं. उसी कमरे में मौजूद मीना देवी अपराधियों की गोली का शिकार बन गईं.

खोखे की संख्या को लेकर उलझन

घटनास्थल से मिले कारतूस के खोखे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि दो खोखे मिले थे, जबकि पुलिस तीन खोखे बरामद होने की बात कह रही है. पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटी हुई है.

पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मीना देवी अपने पीछे चार बेटियां और दो महीने का एक दुधमुंहा बेटा छोड़ गई हैं. सबसे बड़ी बेटी की उम्र करीब 10 साल बताई जा रही है. मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिसे देखकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे.

पुलिस जांच में जुटी, एक पड़ोसी हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने पड़ोसी रंजीत पासवान को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य विवादों के हर पहलू पर जांच कर रही है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह के साथ साहेबगंज के गोविंद प्रसाद की रिपोर्ट

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन