मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा: टेम्पू से गिरे मासूम को कार ने कुचला, मां की आंखों के सामने बेटे की मौत

टेम्पू से गिरे मासूम को कार ने कुचला (AI PHOTO)
मुजफ्फरपुर में टेम्पू से गिरे 4 साल के मासूम को कार ने कुचला, मां की आंखों के सामने हुई दर्दनाक मौत। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी।
Road accident: मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई. घटना सदर अस्पताल के समीप भाई लाल बत्ती मोड़ के पास की है. तेज रफ्तार अनियंत्रित चार-चक्का वाहन ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसा अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया.
मोतिहारी से डॉक्टर को दिखाने आई थी महिला
मृतक मासूम की पहचान पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के पीपरा थाना क्षेत्र स्थित सिरसी घाघू गांव निवासी श्रीलाल राय के 4 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है. आर्यन अपनी मां रंजु देवी (28) और मामा सरोज कुमार के साथ डॉक्टर को दिखाने मुजफ्फरपुर आया था. सुबह करीब 7:30 बजे वे घर से निकले और ट्रेन से मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचे, जहां से टेम्पू में सवार होकर डॉक्टर के पास जा रहे थे.
टेम्पू से नीचे गिरा बच्चा, बचाने दौड़ी मां के सामने हादसा
सुबह लगभग 8:48 बजे टेम्पू सदर अस्पताल के पास भाई लाल बत्ती चौराहे पर पहुंचा ही था कि आर्यन अचानक टेम्पू के दाहिने ओर से नीचे गिर गया. बेटे को गिरता देख मां रंजु देवी तुरंत टेम्पू से नीचे उतरीं. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार चार-चक्का वाहन ने बच्चे को सीधी टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में मासूम का सिर कुचले जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बदहवास मां खून से लथपथ बेटे को गोद में उठाकर सदर अस्पताल भागी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और घायल मां का इलाज शुरू किया.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोपहर 12:55 बजे मां का बयान दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










