ePaper

लंबे इंतजार के बाद मानसून की जोरदार दस्तक

Updated at : 16 Jul 2025 7:34 PM (IST)
विज्ञापन
लंबे इंतजार के बाद मानसून की जोरदार दस्तक

monsoon has arrived with full force

विज्ञापन

68 एमएम बारिश में भीगा शहर, बिजली गुल पर गर्मी से राहत

बीते 24 घंटों से झमाझम बारिश, बूंदा-बांदी और फुहारों का सिलसिला जारी रहा

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

लंबे इंतजार के बाद मुजफ्फरपुर में आखिरकार मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है. जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है. बीते 24 घंटों में झमाझम बारिश, बूंदा-बांदी और फुहारों का सिलसिला जारी रहा. जिसने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दिलायी है. मौसम विभाग के अनुसार, अब तक 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है. जो शहर में मानसून के आगमन का स्पष्ट संकेत है. बारिश का यह सिलसिला मंगलवार देर रात शुरू हुआ, जो बुधवार सुबह 8 बजे तक अनवरत जारी रहा. दिन भर आसमान में काले घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे शहर का तापमान काफी गिर गया. अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है. जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है. हवा की गति 18.3 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा पुरवा थी. यह ठंडी हवाएं और लगातार बारिश ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया है.

प्लेटफॉर्म पर शेड से रिसाव, यात्रियों को हुई परेशानी

एक ओर जहां मानसून की बारिश ने शहर को गर्मी से राहत दिलायी है, वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. झमाझम बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 पर बने शेड से लगातार पानी का रिसाव होता रहा, जिससे यात्रियों का वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया. रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया में निर्माण के कारण कई जगहों पर कीचड़ से चलना मुश्किल हो गया. वहीं प्लेटफॉर्म-7 और 8 पर शेड नहीं है, ऐसे में यात्रियों को भाग कर यूटीएस के पास आना पड़ा.

अगले 24 घंटे हल्की बारिश की संभावना : मौसम विभाग

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर में हल्की बारिश की संभावना जतायी गयी है. यह दर्शाता है कि मानसून की सक्रियता अभी बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से मिली राहत जारी रहेगी. उसके बाद मानसून की सक्रियता में कमी आएगी. भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है, लेकिन रुक-रुक कर होने वाली बारिश से तापमान में गिरावट बनी रहेगी. मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे अपनी फसलों के लिए उचित योजना बनाएं, क्योंकि मानसून की शुरुआती बारिश कृषि गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण होती है. यह बारिश जलस्तर को सुधारने में भी मदद करेगी.

तीन दिनों में 8 डिग्री नीचे गिरा दिन का तापमान

मानसून की सक्रियता ने मुजफ्फरपुर के मौसम में बड़ा बदलाव ला दिया है. पिछले तीन दिनों के दौरान दिन के तापमान में रिकॉर्ड 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है, जिससे शहरवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. बीते रविवार को 37 डिग्री पारा था, वहीं बुधवार को गिर कर 29 डिग्री पर पहुंच गया. लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान अब सामान्य से काफी नीचे आ गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
LALITANSOO

लेखक के बारे में

By LALITANSOO

LALITANSOO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन