गांव के सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर, अब NEET में आकाश ने रचा इतिहास

आकाश
मुजफ्फरपुर के आकाश कुमार ने NEET 2026 परीक्षा में तीसरे प्रयास में शानदार सफलता हासिल की है. 720 में से 608 अंक प्राप्त कर उन्होंने जिले का मान बढ़ाया है. उनकी मेहनत और लगन की कहानी प्रेरणादायक है.
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के गोपीधनवत (चनपकरी) गांव निवासी आकाश कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. मुकेश ओझा और रागिनी देवी के पुत्र आकाश ने 720 में से 608 अंक प्राप्त किए हैं. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7637 तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 821वीं रैंक मिली है.
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
आकाश कुमार ने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है. उनके परिजनों ने बताया कि लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने यह मुकाम हासिल किया. आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत के साथ निजी शिक्षक सहिंद्र भगत और रामचंद्र साह के मार्गदर्शन को दिया.
गांव के स्कूल से शुरू हुई पढ़ाई
आकाश के चाचा रणधीर कुमार ने बताया कि आकाश ने पांचवीं तक की पढ़ाई गांव के विद्यालय से की. इसके बाद उन्होंने अंबिका भवानी विद्यालय, सरैया से मैट्रिक और वर्ष 2024 में लंगट सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की. 12वीं की परीक्षा में उन्होंने जिले में सातवां स्थान भी प्राप्त किया था.
परिवार और गांव में खुशी का माहौल
आकाश के पिता मुजफ्फरपुर में एक निजी प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. बेटे की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है. गांव में भी खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने आकाश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
यह भी पढ़ें: बिहार की पहली बज्जिका फिल्म 'बउआ' का ऐलान, अपनी बोली और संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










