मुजफ्फरपुर में रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के सेवा कार्यों की समीक्षा, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर की तैयारी
रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत, मुजफ्फरपुर का ऑफिशियल क्लब विजिट सम्पन्न हुआ, जिसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने क्लब की सेवा गतिविधियों और सामाजिक प्रकल्पों की विस्तृत समीक्षा की. सीमित संसाधनों में किए गए कार्यों की सराहना के साथ, क्लब ने आगामी स्वास्थ्य शिविरों और रक्तदान के नए प्रकल्पों की रूपरेखा प्रस्तुत की.
Muzaffarpur News: रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत, मुजफ्फरपुर का ऑफिशियल क्लब विजिट सोमवार को डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग ने किया. इस दौरान क्लब की सेवा गतिविधियों, सामाजिक प्रकल्पों, सदस्यता विस्तार, रोटरी फाउंडेशन में योगदान और क्लब रिपोर्टिंग की विस्तृत समीक्षा की गई. डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने पिछले दो महीनों में किए गए सेवा कार्यों की सराहना की.
आपके शहर में
सीमित संसाधनों में किए गए सेवा कार्यों की सराहना
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग ने कहा कि सीमित समय और संसाधनों के बावजूद रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले कई महत्वपूर्ण प्रकल्प पूरे किए हैं. उन्होंने क्लब अध्यक्ष रोटेरियन रितेश अनुपम एवं सचिव रोटेरियन आशीष शंकर के नेतृत्व में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की.
सिकंदरपुर पुलिस स्टेशन से मुक्तिधाम तक सेवा प्रकल्प
अनु नारंग ने सिकंदरपुर पुलिस स्टेशन परिसर में शेड निर्माण, कुर्सी एवं पंखे की व्यवस्था तथा मुक्तिधाम में गार्डनिंग और पौधरोपण जैसे कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की गई सेवा गतिविधियों, बर्ड फीडिंग और अन्य सामाजिक पहलों की भी सराहना की.
स्वच्छता और स्तनपान जागरूकता अभियान की सराहना
क्लब की ओर से महिलाओं एवं आम लोगों के बीच स्वच्छता और हाइजीन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया. इसके अलावा स्तनपान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने की पहल भी की गई. डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने इन प्रकल्पों को रोटरी के सेवा भाव और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए सराहनीय बताया.
स्वास्थ्य और रक्तदान के नए प्रकल्पों की तैयारी
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन रितेश अनुपम ने आगामी सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी के नवनिर्मित ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना है.
इसके अलावा प्रशांत हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाने का प्रस्ताव है. इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
नेपाल की त्रासदी पर जताई शोक संवेदना
कार्यक्रम के दौरान नेपाल में दो दिन पूर्व हुई त्रासदी पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई. क्लब की ओर से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग को आश्वस्त किया गया कि रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत, डिस्ट्रिक्ट 3250 के माध्यम से रोटरी नेपाल को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल करेगा.
क्लब सदस्यों ने की सहभागिता
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन अमित राज ने किया. मौके पर रोटेरियन उदय भानू, प्रेम कुमार चौधरी, शशांक शेखर, भिरगु कुमार, पुरुषोत्तम प्रसाद, संजीव चौधरी, गोपाल तुलसियान, राजीव कुमार, अमित बंका, अनुपम गुप्ता सहित रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के अनेक सदस्य अपने परिवार के साथ मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: आरबीबीएम कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स के लिए दक्षता परीक्षा, दौड़-पुशअप्स के बाद 36 छात्राओं का चयन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए