लीची गाछी में तकरार करते धराये प्रेमी युगल, हुई शादी

लीची गाछी में तकरार करते धराये प्रेमी युगल, हुई शादी
-वैशाली के रहनेवाले युगल की शादी ग्रामीणों ने करायी -प्रेमी के शादी से मना करने पर प्रेमिका आ गयी थी फुआ के घर -कांटी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर राम जानकी मठ लसगरीपुर में परिणय सूत्र में बंधे मुजफ्फरपुर. तुझको ही दूल्हा बनाऊंगी वरना कुंवारी मर जाऊंगी… इस गाने को चरितार्थ किया है, वैशाली जिला के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने. वह पड़ोस में रहनेवाले युवक से चार साल से प्रेम कर रही थी. लेकिन, परिवारवाले अपनी जाति में ही शादी के लिए वर तलाश रहे थे. इसकी भनक जब उसके प्रेमी को लगी तो उसने भी शादी करने से मना कर दिया. परिजन व प्रेमी से नाराज होकर युवती कांटी थाना क्षेत्र के लसगरीपुर स्थित बुआ के घर चली आयी. न तो अपने मां- बाप से बात कर रही थी और न ही अपने प्रेमी से. युवती को ढूंढते हुए रविवार को उसके माता- पिता व प्रेमी के परिवार के सदस्य भी पहुंचे. इसकी जानकारी होने पर लड़की बुआ के घर से निकल कर लीची गाछी में चली गयी. उसके पीछे उसका प्रेमी भी खोजते-खोजते पहुंच गया. जहां, लड़की बस एक जिद पर अड़ी थी कि प्रेमी से ही शादी करेगी. लड़का उसको समझाने की कोशिश कर रहा था. दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा होता देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. लड़की से जब पूछताछ की गयी तो वह बोली कि इस लड़के से वह चार साल से प्यार करती है. उसके परिवार वाले दूसरी जगह शादी करना चाह रहे हैं. उसका प्रेमी भी उससे अब शादी नहीं करना चाहता. इसके बाद स्थानीय लोगों ने लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी दी. वह शादी करने को तैयार हो गये. लेकिन, लड़के की मां शादी को तैयार नहीं हो रही थी. उनका कहना था कि घर के सामने की बहू होगी. उसकी जाति भी अलग है. उसके समाज के लोग तैयार नहीं होंगे. लेकिन, ग्रामीणों के समझाने के बाद दोनों के परिजन शादी करने के लिए तैयार हो गये. ग्रामीणों ने चंदा करके लड़की व लड़के के लिए शादी का जोड़ा मंगाया. फिर, पहाड़पुर रामजानकी मठ लसगरीपुर में दोनों के परिजनों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करायी. फिर, लसगरीपुर पंचायत के सरपंच मोहन कुमार और सदातपुर पंचायत के सरपंच दशरथ राय की मौजूदगी में अधिवक्ता को बुलाया गया. जहां स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र सह विवाह पत्र बनाया गया. इसमें दोनों ने एक-दूसरे से दहेज मुक्त आदर्श विवाह करने की बात कही है. लड़के ने कहा है कि वह अपनी पत्नी को हमेशा खुश रखेगा. कभी उसको प्रताड़ित नहीं करेगा. शादी समाप्त होने के बाद लड़का व लड़की के परिजन एक साथ वैशाली के सदर थाना क्षेत्र स्थित घर के लिए निकल गये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




