150 टीबी मरीजों को गोद लेगा नॉर्थ बिहार चैंबर, हर महीने मिलेगी पोषण किट

Author Vinay kumar|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी श्याम सुंदर भीमसेरिया, प्रमोद कुमार जाजोदिया और सज्जन शर्मा

नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी श्याम सुंदर भीमसेरिया, प्रमोद कुमार जाजोदिया और सज्जन शर्मा

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स ने 150 टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल की है. मरीजों को हर महीने पौष्टिक खाद्य सामग्री किट मिलेगी, जो उनके बेहतर पोषण और शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होगी.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बड़ी सामाजिक पहल की है. जिला प्रशासन के अनुरोध पर चैंबर ने जिले के 150 टीबी मरीजों को गोद लेने का निर्णय लिया है. इस पहल के तहत मरीजों को हर महीने पौष्टिक खाद्य सामग्री की किट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उपचार के दौरान उन्हें बेहतर पोषण मिल सके और वे जल्द स्वस्थ हो सकें.

इस अभियान की औपचारिक शुरुआत 18 जुलाई को नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम से होगी. कार्यक्रम में चयनित टीबी मरीजों को पहली पोषण किट वितरित की जाएगी.

हर महीने मिलेगी पौष्टिक खाद्य सामग्री

चैंबर की ओर से दी जाने वाली मासिक पोषण किट में चावल, गेहूं का आटा, प्रोटीन युक्त दालें, सरसों का तेल और अन्य आवश्यक पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल होगी. संस्था का उद्देश्य है कि पोषण की कमी इलाज में बाधा न बने और मरीज तेजी से स्वस्थ हो सकें.

क्या है निक्षय मित्र योजना?

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार सक्षम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और कॉर्पोरेट संस्थानों को टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. ऐसे सहयोगी निक्षय मित्र कहलाते हैं. निक्षय मित्र मरीजों को पौष्टिक आहार, आजीविका संबंधी सहयोग और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हैं, जिससे देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके.

सामाजिक दायित्व निभाना भी हमारी प्राथमिकता : अध्यक्ष

नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर भीमसेरिया ने कहा कि व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी चैंबर का प्रमुख उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी कुमार गौरव के अनुरोध पर 150 टीबी मरीजों को गोद लेने का निर्णय तत्काल लिया गया. उन्होंने समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की.

हर महीने मरीजों तक पहुंचेगी पोषण किट

चैंबर के महासचिव प्रमोद कुमार जाजोदिया ने कहा कि 18 जुलाई से अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी. उन्होंने बताया कि उनकी टीम यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक माह सभी 150 मरीजों तक समय पर पौष्टिक खाद्य सामग्री की किट पहुंचे.

प्रधानमंत्री सज्जन शर्मा ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है. उन्होंने कहा कि चैंबर इस अभियान से जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है और भविष्य में भी जिला प्रशासन के साथ मिलकर ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा.


विज्ञापन
Vinay Kumar

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar

I am working as a deputy chief reporter at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on political, social, and current topics.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन