लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन 13 अगस्त को क्रू लॉबी पर करेंगे प्रदर्शन
लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन 13 अगस्त को क्रू लॉबी पर करेंगे प्रदर्शन
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन 13 अगस्त को मुजफ्फरपुर में अपनी लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा. 2009 के बाद कैडर रिस्ट्रक्चरिंग न होने से कर्मचारियों में भारी असंतोष है.
Loco Running Staff Protest: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले गुरुवार, 13 अगस्त को मुजफ्फरपुर क्रू लॉबी के समक्ष दो घंटे का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान रनिंग स्टाफ अपनी वर्षों पुरानी लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे.
2009 के बाद नहीं हुआ कैडर रिस्ट्रक्चरिंग
एसोसिएशन के प्रतिनिधि बिरझन चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लोको रनिंग कैडर का अंतिम रिस्ट्रक्चरिंग (पुनर्गठन) वर्ष 2009 में किया गया था. इसके बाद से अब तक कैडर का रिस्ट्रक्चरिंग नहीं हुआ है. वहीं दूसरी ओर, रेलवे की अन्य श्रेणियों को इस दौरान दो-दो बार कैडर रिस्ट्रक्चरिंग का लाभ मिल चुका है.
आश्वासन के बाद भी अनदेखी से आक्रोश
संघ के नेताओं ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद लोको रनिंग कैडर को इस अधिकार से लगातार वंचित रखा गया है. कैडर रिस्ट्रक्चरिंग न होने से कर्मचारियों की पदोन्नति और अन्य सुविधाएं रुकी हुई हैं. इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी कई समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी पड़ी हैं, जिससे रनिंग स्टाफ में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है.
स्टेशन प्रबंधक को दिया गया सूचना पत्र
विरोध प्रदर्शन को पूरी तरह से अनुशासित और शांतिपूर्ण रखने का निर्णय लिया गया है. इस बाबत संघ के प्रतिनिधियों ने स्टेशन प्रबंधक (पूर्व मध्य रेल, मुजफ्फरपुर) को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की औपचारिक सूचना दे दी है. कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वे आगे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ललितांशु
ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










