बालिका गृह : यौन शोषण के विरोध पर हो चुकी है किशोरी की हत्या

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 20 Jul 2018 5:23 AM

विज्ञापन

पटना में किशोरी ने दिया बयान मुजफ्फरपुर : बालिका गृह में यौन शोषण और प्रताड़ना के मामले में किशोरियों के बयान से कई तरह के चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पटना में शिफ्ट की गयी एक किशोरी ने पुलिस को दिये बयान में खुलासा किया है कि यौन उत्पीड़न के विरोध पर एक लावारिस […]

विज्ञापन
पटना में किशोरी ने दिया बयान
मुजफ्फरपुर : बालिका गृह में यौन शोषण और प्रताड़ना के मामले में किशोरियों के बयान से कई तरह के चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पटना में शिफ्ट की गयी एक किशोरी ने पुलिस को दिये बयान में खुलासा किया है कि यौन उत्पीड़न के विरोध पर एक लावारिस किशोरी की पिटाई की गयी थी और उसकी मौत हो गयी. उसके शव को लीची बगीचे में दफन किया गया.
इस बयान से पुलिस महकमे में हड़कंप है. पीड़ित के इस बयान की हकीकत तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. अब पुलिस बयान की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश करेगी. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उक्त स्थल की खुदाई की तैयारी की जा रही है. बालिका गृह यौन शोषण कांड की जांच कर रही महिला थानेदार ज्योति कुमारी ने बताया कि किशोरी का बयान केस डायरी में अंकित किया जा रहा है
. इसके बाद वरीय अधिकारी से निर्देश प्राप्त कर आगे की कार्रवाई
पूरी की जायेगी. नगर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि किशोरियों के बयान में आये सभी आरोपों की सत्यता जांच की जा रही है. साथ ही उससे संबंधित तथ्य का भी संकलन किया जा रहा है. इसी क्रम में इस संदर्भ में भी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. न्यायालय से आदेश मिलने के बाद कई तरह की कार्रवाई होगी. बता दें कि पीएमसीएच ने जिला पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट सौंप दी है. जिसमें 29 किशाेरियों के साथ रेप की पुष्टि हुई है. इनमेें एक सात साल की बच्ची भी शामिल है.
जब्त प्रदर्श की जांच के लिए कोर्ट से मांगा आदेश
किशोरियों से यौन शोषण और प्रताड़ना को लेकर मुकदमा दर्ज किये जाने के बाद पुलिस और सीआइडी की टीम छानबीन शुरू की. इस क्रम में बालिका गृह की तलाशी लेकर कई सामान जब्त किये थे. इनमें बेड शीट, किशोरियों के वस्त्र, मुलाकात करनेवालों का रजिस्टर सहित अन्य चीज शामिल है. जब्त प्रदर्शों की एफएसएल जांच कराने के लिए महिला थानेदार को निर्देश दिया गया है. इसके बाद महिला थानेदार ने कोर्ट में आवेदन देकर जब्त प्रदर्शों की जांच का आदेश मांगा है.
कोशिश टीम से भी पूछताछ करेगी पुलिस
मुंबई की टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस की कोशिश टीम ने सामाजिक ऑडिट के क्रम में बालिका गृह में किशोरियों के साथ हुए यौन शोषण और प्रताड़ना का खुलासा हुआ था. नगर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन ने बालिका गृह में जांच के लिए पहुंची टीम के सदस्यों से भी पूछताछ का निर्देश महिला थानेदार को दिया है.
कोशिश संस्था की रिपोर्ट के आधार पर ही समाज कल्याण विभाग के निदेशक ने यौन शोषण मामले में कानूनी कार्रवाई का आदेश जारी किया था. इसके बाद बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक दिवेश शर्मा महिला थाने में आवेदन दिया था. उक्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कार्रवाई शुरू की थी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन