जमालपुर स्टेशन पर विदेशी शराब के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
जमालपुर स्टेशन पर विदेशी शराब के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

Munger News : जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस की सतर्कता से विदेशी शराब की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है. रांची-गोड्डा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक को 50 टेट्रा पैक विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को देखते ही युवक के भागने के प्रयास ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया और तलाशी में शराब की खेप बरामद होते ही उसे हिरासत में ले लिया गया.

विज्ञापन

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Munger News : रविवार को 18603 डाउन रांची-गोड्डा एक्सप्रेस जैसे ही जमालपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंची, उसी समय रेल थाना जमालपुर के एएसआई अमरेश कुमार सिंह और टीएसआई मुन्ना कुमार यादव ड्यूटी पर मौजूद थे. कमर्शियल बिल्डिंग के समीप एक युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस की नजर पड़ते ही वह तेजी से वहां से निकलने का प्रयास करने लगा.

बैग की तलाशी में मिली विदेशी शराब की खेप

युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान वह काफी घबराया हुआ दिखा. इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ऑफिसर्स चॉइस अंग्रेजी शराब के 180 एमएल के 50 टेट्रा पैक बरामद किए गए. शराब बरामद होते ही पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

कौशांबी का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर

गिरफ्तार युवक की पहचान 26 वर्षीय रोहित कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र स्थित जानकीपुर मजरा पहाड़पुर सुधवर गांव का निवासी है. उसके पिता का नाम भगवत प्रसाद विश्वकर्मा बताया गया है. पुलिस उससे यह जानने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.

प्राथमिकी दर्ज, जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू

रेल थाना जमालपुर के थाना अध्यक्ष स्वराज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्पाद एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. मामले की गहन जांच भी शुरू कर दी गई है.

रेलवे मार्ग से हो रही तस्करी पर पुलिस की पैनी नजर

रेल पुलिस का कहना है कि ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जमालपुर में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है. अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से अवैध कारोबार की एक बड़ी कड़ी का खुलासा हो सकता है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन