जल-जीवन-हरियाली योजना के हजारों पौधे व बांस के गेबियन गायब

Published by :AMIT JHA
Published at :28 Apr 2026 7:18 PM (IST)
विज्ञापन
जल-जीवन-हरियाली योजना के हजारों पौधे व बांस के गेबियन गायब

संग्रामपुर प्रखंड में जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान की जमीनी हकीकत चिंताजनक नजर आ रही है.

विज्ञापन

संग्रामपुर. संग्रामपुर प्रखंड में जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान की जमीनी हकीकत चिंताजनक नजर आ रही है. भीषण गर्मी और गिरते जलस्तर के बीच जहां एक ओर सरकार लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है. वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण योजनाएं दम तोड़ती दिखाई दे रही हैं.

पूर्व में ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रखंड मुख्यालय से होकर गुजरने वाली बेलहरनी नदी के तट पर स्थित झिकुली पंचायत के चंदनिया क्रीड़ा मैदान से लक्ष्मीपुर शिवालय तक मनरेगा के तहत हजारों पौधे लगाए गए थे. वही पौधों की सुरक्षा के लिए बांस से बने चचरीनुमा घेरों की भी व्यवस्था की गई थी, लेकिन देखरेख के अभाव में आज वहां एक भी पौधा नजर नहीं आ रहा है. अधिकांश पौधे या तो सूख गए या पशुओं का चारा बन गए. स्थिति इतनी गंभीर है कि पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए बांस के घेरे भी अब गायब हो चुके हैं. कुछ लोगों ने इन्हें जलावन के रूप में इस्तेमाल कर लिया तो कुछ ने अपने घरों के छप्पर में लगा लिया. जो न केवल विभागीय उदासीनता, बल्कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता की भी कमी भी दर्शाता है. विदित हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई सात निश्चय महत्वाकांक्षी योजना में कई विभागों की सहभागिता तय की गई थी, ताकि राज्य में बढ़ते जल संकट से निपटा जा सके, लेकिन बावजूद इसके धरातल पर योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है.

कहते हैं अधिकारी

प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जय प्रकाश कुमार ने बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत के माध्यम से पौधरोपण कराया गया था, लेकिन अब नगर पंचायत होने के कारण वहां कोई पीआरएस या अन्य मनरेगा कर्मी नहीं हैं. जिसके कारण पौधे और उसके गेबियन कहां गये. यह बताना मुश्किल है.

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन