दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में हवेली खड़गपुर में छात्रों ने निकाला आक्रोश मार्च

आक्रोश मार्च में शामिल छात्र-छात्राएं व कड़ी सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मी. | Prabhat Khabar Network
NEET Protest Update : दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में मुंगेर के हवेली खड़गपुर में सैकड़ों छात्रों ने विशाल आक्रोश मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया.
NEET Protest Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को मुंगेर के हवेली खड़गपुर में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विशाल आक्रोश मार्च निकाला. प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार नारेबाजी की गई.
तिरंगा और तख्तियों के साथ सड़कों पर उतरे छात्र
हवेली खड़गपुर में आयोजित आक्रोश मार्च में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए. हाथों में तिरंगा और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर छात्र नगर क्षेत्र में शांतिपूर्वक मार्च करते हुए आगे बढ़े. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की.
केंद्र सरकार के खिलाफ लगे नारे
आक्रोश मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए. मार्च में "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "छात्रों पर बर्बरता बंद करो", "नीट सहित सभी परीक्षाओं में पेपर लीक बंद करो", "युवा विरोधी नीतियां वापस लो" और "छात्र एकता जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए गए, जिससे नगर क्षेत्र का माहौल आंदोलनमय हो गया.
छात्र नेताओं ने रखी अपनी बात
आक्रोश मार्च का नेतृत्व कर रहे एसएसएआई के प्रदेश महासचिव यीशु यादव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र कई दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि छात्रों की मांगों पर ध्यान देने के बजाय बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है. उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
आक्रोश मार्च को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. नगर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर और खड़गपुर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई. पुलिस की मौजूदगी में मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, कथित पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगी और आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. छात्रों का कहना है कि यह केवल नीट परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा और भर्ती व्यवस्था से जुड़े करोड़ों युवाओं के भविष्य का सवाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










