मुंगेर के छह एथलीटों का चयन, पटना-राजगीर में दिखाएंगे प्रतिभा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बिहार स्टेट ओलंपिक गेम्स 2026 के लिए चयनित मुंगेर के एथलीट.

बिहार स्टेट ओलंपिक गेम्स 2026 के लिए मुंगेर जिले से छह प्रतिभाशाली एथलीटों का चयन हुआ है. ये खिलाड़ी पटना और राजगीर में होने वाली प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएंगे. जानिए पूरी सूची और खेलों का विवरण.

विज्ञापन

Bihar State Olympic Games: जमालपुर (मुंगेर). बिहार स्टेट ओलंपिक गेम्स 2026 में एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए मुंगेर जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है. जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अनुसार खिलाड़ियों का चयन निर्धारित क्वालीफाइंग टाइम और दूरी के आधार पर किया गया है. प्रतियोगिता का आयोजन पटना और राजगीर में 5 से 12 सितंबर तक होगा.

22 खेलों में शामिल होंगे हजारों खिलाड़ी

आयोजकों के अनुसार बिहार स्टेट ओलंपिक गेम्स में 22 विभिन्न खेलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अगस्त से राज्यव्यापी मशाल यात्रा के साथ किए जाने की जानकारी दी गई है. इसके बाद विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.

क्वालीफाइंग मानक पूरा करने वालों का हुआ चयन

मुंगेर जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष निलेश कुमार और सचिव राकेश कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन के लिए ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से क्वालीफाइंग टाइम और दूरी निर्धारित की गई थी. निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित किया गया है.

श्वेता माधवी आनंद 200 और 400 मीटर में करेंगी प्रतिनिधित्व

मुंगेर की छोटी दौलतपुर, शिवपुरी कॉलोनी निवासी श्वेता माधवी आनंद का महिला वर्ग में 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के लिए चयन हुआ है. उनके चयन से महिला एथलेटिक्स को भी जिले में बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

इन खिलाड़ियों का भी हुआ चयन

जमालपुर के बड़ी दरियापुर निवासी विष्णु कुमार का पुरुष वर्ग में 400 मीटर हर्डल्स और 400 मीटर रिले के लिए चयन हुआ है. कासिम बाजार, मुंगेर की लक्ष्मी कुमारी 10,000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी.

बड़ी लगमा, शिवकुंड निवासी प्रीतम कुमार का पुरुष वर्ग में हाई जंप और 400 मीटर रिले के लिए चयन हुआ है. छोटी केशवपुर, जमालपुर निवासी ऋतुराज का 400 मीटर रिले और हलिमपुर, जमालपुर निवासी अंकित कुमार का भी 400 मीटर रिले के लिए चयन किया गया है.

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प

जिला एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छह खिलाड़ियों का चयन जिले के युवा एथलीटों के लिए प्रेरणादायक है. संगठन ने मुंगेर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया.

चयनित खिलाड़ियों को दी गई शुभकामनाएं

Bihar State Olympic Games: बैठक में शुभंकर झा, अजय कुमार सिंह, पूर्वेंद्र नारायण सिंह, शमी सचिन, अरविंद कुमार, मणि देव पासवान, पशुपति पारस, चंदन कुमार, प्रहलाद कुमार, अजय प्रसाद सहित टेक्निकल कमेटी के निदेशक ब्रह्मचारी संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार और अन्य तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं.


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन