श्रावणी मेला की तैयारी शुरू, कच्ची कांवरिया पथ पर बालू स्टॉकिंग का कार्य तेज

Updated:
विज्ञापन
श्रावणी मेला की तैयारी शुरू, कच्ची कांवरिया पथ पर बालू स्टॉकिंग का कार्य तेज

श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर कच्ची कांवरिया पथ के किनारे गंगा बालू का स्टॉक

Shravani Mela 2026: मालूम हो कि इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है. ऐसे में लाखों कांवरियों की सुविधा को देखते हुए पथ को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

असरगंज से हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट:

Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन और विभिन्न विभाग सक्रिय हो गए हैं. मुंगेर जिला सीमा के कमराय मोड़ से कच्ची कांवरिया पथ पर आरसीडी के संवेदक द्वारा गंगा बालू का स्टॉक करने का कार्य शुरू कर दिया गया है. पथ के किनारे-किनारे सफेद बालू जमा किया जा रहा है, जिसे बाद में कांवरिया पथ पर बिछाया जाएगा.

मालूम हो कि इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है. ऐसे में लाखों कांवरियों की सुविधा को देखते हुए पथ को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है.

बालू स्टॉकिंग शुरू, लेकिन कई कार्य अब भी अधूरे

कांवरिया पथ पर बालू स्टॉक करने का कार्य तो शुरू हो गया है, लेकिन झाड़ियों की सफाई, रेनकट वाले स्थानों की मरम्मत और मिट्टी भराई का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावणी मेले में सबसे महत्वपूर्ण कार्य कांवरिया पथ को समतल और सुरक्षित बनाना होता है, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

अवैध बालू ट्रैक्टरों से क्षतिग्रस्त हुआ पथ

कांवरिया पथ पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों के आवागमन से कई स्थानों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है. यदि समय रहते इन गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो मेले के दौरान कांवरियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है.

बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल

श्रावणी मेला नजदीक आने के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा अब तक व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू नहीं की गई है. वहीं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से अस्थायी शौचालयों और चापाकलों की मरम्मत का कार्य भी शुरू नहीं हुआ है. यदि समय पर कार्य नहीं हुआ तो विभागों को अंतिम समय में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.

पर्यटन विभाग की सुविधाओं की भी नहीं हुई मरम्मत

कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए लगाए गए बेंच और कांवर स्टैंड भी जर्जर स्थिति में हैं. कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा बेंच क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं. अब तक इनकी मरम्मत शुरू नहीं होने से श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है.

डीएम कर चुके हैं निरीक्षण

करीब 15 दिन पूर्व मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज ने कमराय से कुमारसर तक कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे. अब श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि विभागीय स्तर पर तैयारियां कितनी तेजी से पूरी की जाती हैं.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन