अब छोटे शहरों से विदेश जाना होगा आसान! सरकार 44 एयरपोर्ट और 4 हब बनाने की तैयारी में

Updated:
विज्ञापन
अब छोटे शहरों से विदेश जाना होगा आसान! सरकार 44 एयरपोर्ट और 4 हब बनाने की तैयारी में

Photo: ANI

अगर आप अमृतसर या दूसरे गैर-मेट्रो शहरों से विदेश जाते हैं, तो अब आपकी यात्रा पहले से ज्यादा आसान हो सकती है. एयर इंडिया ने मंगलवार से अमृतसर से 'हब एंड स्पोक मॉडल' के तहत नई उड़ान सेवा शुरू कर दी है.

विज्ञापन

इस मॉडल का मकसद छोटे और मध्यम शहरों के यात्रियों को बिना परेशानी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना है. सरकार का लक्ष्य देश में 4 हब एयरपोर्ट और 40 अन्य एयरपोर्ट विकसित कर कुल 44 एयरपोर्ट का ऐसा नेटवर्क तैयार करना है, जिससे अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर और आसान हो सके.

क्या है Hub and Spoke मॉडल?

इस मॉडल में बड़े एयरपोर्ट 'हब' की तरह काम करेंगे, जबकि दूसरे शहरों के एयरपोर्ट 'स्पोक' होंगे. यानी अगर कोई यात्री अमृतसर जैसे शहर से विदेश जाना चाहता है, तो वह पहले दिल्ली पहुंचेगा और वहां से अपनी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पकड़ सकेगा. सरकार का कहना है कि इससे टियर-2 और टियर-3 शहरों के लोगों को विदेश यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?

एयर इंडिया ने इस मॉडल के तहत 'ईजी कनेक्ट' (Easy Connect) सेवा भी शुरू की है. इसके जरिए यात्रियों को सफर के दौरान कई सुविधाएं मिलेंगी.

  • सामान (बैगेज) सिर्फ एक बार जमा करना होगा.
  • अंतिम विदेशी गंतव्य तक एक ही चेक-इन होगा.
  • इमिग्रेशन की प्रक्रिया अमृतसर एयरपोर्ट पर ही पूरी हो जाएगी.
  • दिल्ली पहुंचने के बाद दोबारा बैगेज लेने या टर्मिनल बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
  • दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर अंतरराष्ट्रीय उड़ान से आगे की यात्रा की जा सकेगी.

अमृतसर से किन देशों के लिए मिलेगी कनेक्टिविटी?

एयर इंडिया ने बताया कि अमृतसर से शुरू हुई दो दैनिक 'ईजी कनेक्ट' उड़ानों के जरिए यात्री दिल्ली होते हुए 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों (Destinations) तक पहुंच सकेंगे.

इनमें शामिल हैं:

  • अमेरिका
  • कनाडा
  • ब्रिटेन
  • यूरोप के कई शहर
  • ऑस्ट्रेलिया
  • पश्चिम एशिया
  • दक्षिण-पूर्व एशिया

आने वाले हफ्तों में अहमदाबाद, गोवा, कोच्चि और अन्य भारतीय शहरों से भी इसी तरह की उड़ानें शुरू की जाएंगी.

सरकार की आगे की क्या योजना है?

अमृतसर एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार 4 हब और 40 अन्य एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में काम कर रही है.

वहीं नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश में कहा कि हब एंड स्पोक मॉडल भारत के लिए केवल नई उड़ान व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की विमानन क्षमता को मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने बताया कि सरकार अगले 10 वर्षों में 100 एयरपोर्ट और 200 हेलिपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें: शेयर बाजार में दमदार शुरुआत, Sensex 790 अंक तक उछला, L&T के शानदार नतीजों से बढ़ा जोश


विज्ञापन
सौम्या शाहदेव

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola