ePaper

योग नगरी में निकली भव्य शिव बारात, देवी-देवता, भूत-पिचाश बने बाराती

Updated at : 15 Feb 2026 8:03 PM (IST)
विज्ञापन
योग नगरी में निकली भव्य शिव बारात, देवी-देवता, भूत-पिचाश बने बाराती

महाशिवरात्रि पर रविवार को योग नगरी मुंगेर में भगवान भोलेनाथ के शुभ विवाह को लेकर भव्य शिव बारात निकाली गयी.

विज्ञापन

महाशिवरात्रि महोत्सव समिति की ओर निकली बारात में उमड़ पड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गुंज उठा वातावरण

मुंगेर. महाशिवरात्रि पर रविवार को योग नगरी मुंगेर में भगवान भोलेनाथ के शुभ विवाह को लेकर भव्य शिव बारात निकाली गयी. देवी-देवता, भूत-पिचाश, दैत्य सभी बारात में शामिल थे. पूरी बारात भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई. ताशे, मंजिरा, डमरू और शंख के गगनभेदी नाद के साथ बाबा की बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसका जगह-जगह स्वागत किया गया. शिव भक्तों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया.

महाशिवरात्रि पर निकली झांकी का हुआ भव्य उद्घाटन

महाशिवरात्रि महोत्सव समिति, बाबा मनकेश्वर नाथ मंदिर और शिव पार्वती सेवा दल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शिव बरात निकाली गयी. शिव बारात की झांकी में विभिन्न देवी देवताओं की रूप सजा में कलाकारों ने भक्तों का मन मोह लिया. हाजीसुजान स्थित शवि मंदिर से शिव बरात के साथ झांकी निकली. जो गांधी चौक पर पहुंच कर एकत्रित हुई. जहां पर भव्य मंच बना हुआ था और गणमान्य लोग मौजूद थे. पूर्व विधायक प्रणव कुमार यादव, मेयर कुमकुम देवी, डिप्टी मेयर खालिद हुसैन, संरक्षक कमल कुमार कमल, प्रो तारकेश्वर प्रसाद यादव ने समिति के लोगों के साथ शिव बारात की झांकी का फीता काट कर उद्घाटन किया. झांकी वाले मार्ग में कई स्थानों पर आकर्षक रंगोली बनाया गया था.

झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के रूप में सजी थी चार घोड़े पर सवार बालिकाएं

योग नगरी मुंगेर में भव्य शिव बारात निकली गयी. जय श्री राम का पताका लिए हुए झांकी में सबसे आगे चल रहे शिव, विष्णु, मां काली की रूप में सजा बाल एवं युवा कलाकार हर हर महादेव, जय महाकाल, जय श्री राम के नारे लगाते हुए बढ़ रहे थे. चार घोड़े पर सवार बालिकाएं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की रूप में सजी थी, जो हाथ में तलवार लिए हुए देशभक्ति की भावना का अलख जगह रही थी. इस बार की झांकी की विशेषता यह रही कि जितने शिव रूप में लोग थे, उतनी ही मां काली जीभ निकाले भयावह रूप दर्शाते हुए चल रही थीं. बाबा श्याम खाटू और साईं बाबा की रूप सज्जा भी आकर्षित कर रही थी. रक्षस के रूप में बिट्टू और लंगूर की रूपस ज्जा में शामिल कलाकार अपनी हरकतों से दर्शकों को बहुत ज्यादा आकर्षित कर रहे थे. भूत, प्रेत, पिचाश, यमराज भी बारात में शामिल थे. श्री श्री 108 बाबा मनकेश्वर बाबा समिति की ओर से हाजीसुभान स्थित शिव मंदिर से बारात निकली, जो पूबरसराय, गांधी चौक, बाटा चौक, एक नंबर ट्रैफिक, बड़ी बाजार, कस्तूरबा चौक, कोड़ा मैदान और शादीपुर होते हुए बाबा मानकेश्वर नाथ मंदिर पहुंची. मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया.

खूब उड़े रंग गुलाल, होली के रंग में रंगे श्रद्धालु

मॉडर्न डांस क्लासेस की किशोर छात्राओं ने दोनों हाथों में अग्नि चक्र लेकर करतब दिखाया, जो दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ था. आधुनिक संगीत की धुन पर वे अग्नि चक्र को चारों ओर घुमा कर दशकों में कौतूहल जगा दी थीं. शिव पार्वती सेवादल, नवचेतन समिति तथा कई समूह ने अबीर गुलाल लगाते हुए झूमते नाचते जा रहे थे. उल्लास और उमंग की इन झांकियों ने होली का उत्सव निकट होने की खुशी की दस्तक दे दी.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन