बसमता गांव में सती नदी की अतिक्रमित भूमि पर चला बुलडोजर, जल निकासी हुई बहाल

फोटो- अतिक्रमण हटाते हुए | Prabhat Khabar Network
बसमत गांव में सती नदी के किनारे हुए अतिक्रमण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटाया. बांध टूटने से प्रभावित 150 घरों के लिए जल निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी गई है. भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.
Encroachment Action: हवेली खड़गपुर प्रखंड के गंगटा पंचायत अंतर्गत बसमता गांव के समीप बुधवार को सती नदी की अतिक्रमित सरकारी भूमि को प्रशासन ने खाली कराया. बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने के बाद जल निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी गई. कार्रवाई के दौरान राजस्व, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही.
प्रशासन की मौजूदगी में चली कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान राजस्व पदाधिकारी आशीष यादव, लघु सिंचाई प्रमंडल मुंगेर की सहायक अभियंता शिप्रा कुमारी, कनीय अभियंता चंद्रकांत रंजन तथा गंगटा थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे.
बांध टूटने से 150 घरों का संपर्क टूटा था
सोमवार को सती नदी का सुरक्षा बांध टूटने और सड़क कट जाने से लगभग 150 घरों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट गया था. ग्रामीणों का आरोप था कि गांव निवासी अमरनाथ पंडित द्वारा खेसरा संख्या 2670 स्थित नदी की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर पानी के प्राकृतिक बहाव को रोक दिया गया था. इससे बगरा नदी का पानी जमा हो गया और दबाव बढ़ने के कारण सुरक्षा बांध टूट गया.
पुलिया की सफाई कर बहाल की गई जल निकासी
बुधवार को जलस्तर कम होने के बाद प्रशासन बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा. अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया तथा बंद पड़ी पुलिया की सफाई कर पानी की निकासी की व्यवस्था बहाल की गई. अधिकारियों ने बताया कि अब बगरा नदी का पानी सुचारु रूप से बह सकेगा, जिससे सड़क पर पानी का दबाव नहीं बनेगा.
सड़क मरम्मत का कार्य भी शुरू
Encroachment Action: प्रशासन ने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार सती नदी पर सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित चेक डैम के पास अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिसे अब हटाकर स्थिति सामान्य कर दी गई है.
और पढ़ें: दामनकोल झरना में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, पिकनिक के दौरान बना हादसे का शिकार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










