एनएच 80 को बना दिया खलिहान
Published by : ANAND KUMAR Updated At : 08 May 2025 11:12 PM
मक्का तैयार करने व सुखाने से यातायात हो रहा बाधित
बरियारपुर. बरियारपुर से भागलपुर जाने वाला राष्ट्रीय उच्च पथ-80 बंगाली टोला के समीप मक्का फसल तैयारी का स्पॉट बन गया है. इससे यातायात बाधित हो रहा है. कहने को तो सड़क मार्ग का चौड़ीकरण कर दिया गया है, लेकिन किसानों द्वारा सड़क पर ही मक्का फसल तैयारी की मशीन लगाकर मक्के के दाने को निकाला जा रहा है. इससे सड़क संकरी हो गयी है और यातायात प्रभावित हो रहा है. किसान अपने खेतों से मक्का की फसल को काट कर सड़क पर ही मशीन से दमाही कर रहे हैं. इसके कारण मशीन से भारी मात्रा में निकल रहे अपशिष्ट सड़क पर उड़ते रहते हैं, जो अक्सर बाइक चालकों के आंखों में चले जाते हैं. इससे बाइक चालक का संतुलन बिगड़ जाता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. वहीं सूख रहे मक्के के कारण सड़क संकरी हो जा रही है. इससे आधी सड़क पर ही परिचालन हो पा रहा है. इससे भी हादसे की आशंका बन रही है, यूं कहें कि किसानों ने सड़क को अतिक्रमण कर फसल तैयारी के लिए खलिहान बना लिया है. इससे सड़क के चौड़ीकरण का कोई फायदा वाहन चालकों व राहगीरों को नहीं मिल रहा है. इस मार्ग से रोजाना नेता एवं अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं. इसके बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










