बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, पिस्टल-कट्टा व आठ कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, गिरोह कनेक्शन की जांच तेज

बरामद हथियार की जानकारी देते पुलिसकर्मी व गिरफ्तार अपराधी. | Prabhat Khabar Network
Illegal Arms Seized : मुंगेर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया है. शास्त्री नगर में छापेमारी के दौरान तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से पिस्टल, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. यह गिरोह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था.
Illegal Arms Seized : मुंगेर के कासिम बाजार थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए शनिवार देर शाम शास्त्री नगर स्थित अंबे चौक के समीप छापेमारी कर तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे.
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शास्त्री नगर निवासी कुख्यात अपराधी रहे मृतक मनजीत मंडल के घर में ठहरे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा तथा आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद हथियारों को जब्त कर उनकी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन-किन घटनाओं में हुआ है या होने वाला था.
पहले से आपराधिक मामलों में शामिल है मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शास्त्री नगर निवासी अजीत कुमार, सुमन कुमार तथा वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी दिवाकर के रूप में हुई है. एसपी ने बताया कि अजीत कुमार के खिलाफ अपहरण, रंगदारी सहित कई संगीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. वह करीब एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था.
मनजीत मंडल गिरोह से जुड़ाव की जांच
पुलिस के अनुसार कुख्यात अपराधी मनजीत मंडल और उसके चालक की पूर्व में भागलपुर-बतिया मोड़ के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि मनजीत की मौत के बाद उसका भांजा अजीत कुमार गिरोह की गतिविधियों को संचालित कर रहा था. पुलिस इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है.
पूछताछ जारी, भेजे जाएंगे न्यायिक हिरासत
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जानकारी मिल सके. कासिम बाजार थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. छापेमारी दल में कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबिकांत कश्यप सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










