खड़गपुर लोहची बाजार में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण से दुर्घटना का खतरा, प्रशासन मौन

लोहची बाजार स्थित एनएच-333 किनारे अतिक्रमण
Lohchi Bazar Encroachment: जानमाल की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एनएच किनारे लगाए गए लोहे के सुरक्षा घेरे का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता दिख रहा है. दुकानदारों द्वारा घेरे के अंदर और बाहर दुकानें सजाने के कारण सुरक्षा घेरा नजर नहीं आता. फल, सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है.
हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट:
Lohchi Bazar Encroachment: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-333 के लोहची बाजार में अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. सड़क किनारे दुकानों के विस्तार और सुरक्षा घेरे के बाहर ठेला एवं फुटपाथी दुकानों के लगने से सड़क की चौड़ाई सिमटती जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
सुरक्षा घेरा भी अतिक्रमण की चपेट में
जानमाल की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एनएच किनारे लगाए गए लोहे के सुरक्षा घेरे का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता दिख रहा है. दुकानदारों द्वारा घेरे के अंदर और बाहर दुकानें सजाने के कारण सुरक्षा घेरा नजर नहीं आता. फल, सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है.
हर दिन लग रहा जाम, राहगीर परेशान
अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. छोटे वाहन किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन बड़े वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी सड़क पर सुरक्षित आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
दुकानदारों के बीच भी हो रही नोकझोंक
सड़क किनारे जगह घेरने को लेकर कई बार दुकानदारों के बीच विवाद और नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है. बाजार में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से लग रही दुकानों ने समस्या को और गंभीर बना दिया है.
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रही नाराजगी
स्थानीय निवासी दीपक सिंह, राजीव सिंह, चंदन चौहान, डिस्को साह समेत अन्य लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण अतिक्रमणकारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है.
अतिक्रमण हटाने की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब अतिक्रमण हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए, ताकि आम लोगों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










