जमालपुर स्टेशन पर रेल पुलिस का जागरूकता अभियान, मानव तस्करी व साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश
जागरूकता अभियान में शामिल रेल पुलिस. | Prabhat Khabar Network
Munger News : जमालपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मानव तस्करी, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया. संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की गई.
Munger News : जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर शनिवार को रेल थाना पुलिस ने यात्रियों को मानव तस्करी, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया. अभियान के दौरान यात्रियों को कानून की जानकारी देने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई.
यात्रियों को मानव तस्करी के प्रति किया गया जागरूक
विशेष जागरूकता अभियान का नेतृत्व रेल पुलिस के विजय कुमार ने किया. उन्होंने यात्रियों को बताया कि किसी व्यक्ति को धमकाकर, बहला-फुसलाकर, धोखे से या जबरन एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाकर उसका शोषण करना मानव तस्करी की श्रेणी में आता है. उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 143 के तहत मानव तस्करी एक गंभीर दंडनीय अपराध है.
महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक होते हैं निशाना
अभियान के दौरान बताया गया कि मानव तस्कर अक्सर महिलाओं और बच्चों को अपना आसान निशाना बनाते हैं. बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम, घरेलू काम के नाम पर शोषण, जबरन भीख मंगवाना और अवैध अंग प्रत्यारोपण जैसे अपराध भी मानव तस्करी के गंभीर स्वरूप हैं. रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सतर्क रहें और संबंधित एजेंसियों को सूचना दें.
साइबर अपराध से बचाव के भी बताए उपाय
रेल पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को साइबर ठगी से बचने के लिए भी जागरूक किया. उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या फर्जी संदेश पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें. किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई.
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि मानव तस्करी, महिला अपराध, बाल सुरक्षा या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है. इस अवसर पर रेल थाना प्रभारी अर्चना कुमारी, निरंजन कुमार रजक, शिशुपाल, नैयर आजम, पिंकी कुमारी सहित रेल थाना के अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए