तारापुर की मुख्य सड़क बनी सब्जी मंडी, सुबह होते ही जाम से परेशान लोग, वेंडिंग जोन की घोषणा भी बेअसर
तारापुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगी सब्जी दुकानें. | Prabhat Khabar Network
तारापुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सुबह से ही ठेले और वाहनों की पार्किंग से लगने वाले जाम से राहगीर परेशान हैं. प्रशासन की वेंडिंग जोन की घोषणा के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.
तारापुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी सब्जी मंडी अब आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. सुबह तड़के से ही सड़क के दोनों किनारों पर सब्जी विक्रेता ठेले और दुकानें लगा देते हैं. देखते ही देखते मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा मंडी में तब्दील हो जाता है और आवागमन के लिए रास्ता काफी संकरा हो जाता है. सुबह के समय वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
सड़क पर दुकानें, ऊपर से वाहनों की पार्किंग

सब्जी खरीदने पहुंचने वाले लोग भी अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं. इससे पहले से संकरी सड़क पर आवागमन और मुश्किल हो जाता है. सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, कर्मचारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को जाम के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार जाम में आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं. संकरी सड़क पर वाहनों की आवाजाही के दौरान छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं. जाम को लेकर दुकानदारों और वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति बनना भी आम हो गया है.
वेंडिंग जोन बना, लेकिन आवंटन के इंतजार में विक्रेता
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन की ओर से धौनी पुल के पार सब्जी विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन बनाने की घोषणा की गई थी. इसके बाद कई बार माइकिंग कर विक्रेताओं से वहां दुकान लगाने की अपील भी की गई. बावजूद इसके अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस विक्रेता को वेंडिंग जोन में कौन-सा स्थान दिया जाएगा.
स्थान का विधिवत आवंटन नहीं होने के कारण सब्जी विक्रेता मुख्य सड़क छोड़कर नए वेंडिंग जोन में जाने को तैयार नहीं हैं. नतीजा यह है कि घोषणा के बावजूद सड़क किनारे लगने वाली मंडी पहले की तरह जारी है.
महज माइकिंग से नहीं सुलझेगी समस्या
स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि केवल घोषणा और माइकिंग से समस्या का समाधान संभव नहीं है. प्रशासन को वेंडिंग जोन में सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थान चिह्नित कर विधिवत आवंटन करना चाहिए. इसके साथ ही मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की जरूरत है.
लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए