बरियारपुर में बाढ़ का कहर, दाने-दाने को मोहताज परिवारों के लिए दर्जनभर सामुदायिक किचन, सीओ ने चखा भोजन
सामुदायिक किचन केंद्र में भोजन की जांच करते हुए अंचल अधिकारी. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड में भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए कई सामुदायिक किचन चलाए जा रहे हैं. अंचल अधिकारी रवि कुमार ने इन केंद्रों का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की और स्वयं चखकर सुनिश्चित किया.
मुंगेर जिले का बरियारपुर प्रखंड इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है. बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रखंड के लगभग सभी पंचायतों में सामुदायिक किचन संचालित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित पहुंचकर अपने परिवार के साथ भोजन कर रहे हैं.
सीओ ने खुद चखा भोजन, इसके बाद पीड़ितों को परोसा गया
सामुदायिक किचन में बन रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच प्रतिदिन अधिकारियों द्वारा की जाती है. बुधवार को भी अंचल अधिकारी रवि कुमार ने बारी-बारी से सभी सामुदायिक किचन केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, व्यवस्था और पीड़ितों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की स्थिति का जायजा लिया.
जांच के दौरान कुछ सामुदायिक किचन केंद्रों पर एक हजार से अधिक बाढ़ पीड़ित भोजन करते मिले, जबकि कुछ केंद्रों पर एक हजार से कम लोग पहुंचे थे. अंचल अधिकारी ने कई केंद्रों पर खुद भोजन चखकर यह सुनिश्चित किया कि भोजन गुणवत्तापूर्ण है या नहीं. इसके बाद बाढ़ पीड़ितों को भोजन परोसा गया.
लगभग सभी पंचायतों में चल रहे सामुदायिक किचन
प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन संचालित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों पर बाढ़ पीड़ित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आपदा की इस घड़ी में उन्हें भोजन के लिए भटकना न पड़े.
इन स्थानों पर चल रहे हैं सामुदायिक किचन
प्रखंड में मध्य विद्यालय पड़िया, मध्य विद्यालय नीरपुर, प्राथमिक विद्यालय झरकहवा, नीरपुर मध्य विद्यालय सीतारामपुर, नजीरा काली थान, पुस्तकालय भवन कल्याणपुर, करहरिया दक्षिणी, पंचायत भवन बरियारपुर उत्तरी, कल्याण टोला, मध्य विद्यालय हंसू मंडल टोला हरिणमार, पंचायत सरकार भवन हरिणमार, मध्य विद्यालय अठसहिया हरिणमार, मध्य विद्यालय कारे मंडल टोला हरिणमार, मध्य विद्यालय रतनपुर, फिलिप उच्च विद्यालय बरियारपुर, मध्य विद्यालय बहादुरपुर एवं मध्य विद्यालय माणिक मंडल टोला झोवाबहियार सहित कई अन्य स्थानों पर भी सामुदायिक किचन संचालित किए जा रहे हैं.
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था जारी है. सामुदायिक किचन के माध्यम से पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए