13 घंटे लेट चली समर स्पेशल, कई ट्रेनों का बिगड़ा शेड्यूल, जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी

विज्ञापन
जमालपुर स्टेशन पर यात्री | Prabhat Khabar Network

जमालपुर स्टेशन पर परेशान यात्री. | Prabhat Khabar Network

Jamalpur Railway News : जमालपुर स्टेशन पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. समर स्पेशल एक्सप्रेस 13 घंटे से अधिक लेट पहुंची, जिससे कई अन्य ट्रेनों का शेड्यूल भी बिगड़ा.

विज्ञापन

Jamalpur Railway News : 09033 डाउन उधना-मालदा टाउन समर स्पेशल एक्सप्रेस शनिवार को अपने निर्धारित समय से 13 घंटे से अधिक की देरी से जमालपुर स्टेशन पहुंची. इस ट्रेन का निर्धारित आगमन समय सुबह 4:40 बजे था, लेकिन यह शाम 5:55 बजे स्टेशन पहुंची. इस ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण इसके रैक से संचालित होने वाली 09034 अप मालदा टाउन-उधना समर स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ. जानकारी के अनुसार यह ट्रेन मालदा टाउन देर रात पहुंचने वाली थी, जिसके बाद इसे रीशेड्यूल समय पर रवाना करने की तैयारी की गई.

गरीब रथ एक्सप्रेस भी देरी से चली

22406 डाउन आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस भी करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से जमालपुर पहुंची. ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 9:10 बजे था, लेकिन यह दोपहर 12:37 बजे पहुंची. इसके चलते 22405 अप भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस को भी रीशेड्यूल करना पड़ा. यह ट्रेन अपने तय समय दोपहर 1:55 बजे के बजाय 3:20 बजे भागलपुर से रवाना हुई और शाम 4:25 बजे जमालपुर पहुंची.

ब्रह्मपुत्र मेल समेत कई पैसेंजर ट्रेनें भी लेट

कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से चली. यह ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे के बजाय 10:50 बजे जमालपुर स्टेशन पहुंची. इसके अलावा 73435 अप भागलपुर-जमालपुर डेमू पैसेंजर, 63431 अप साहिबगंज-जमालपुर पैसेंजर और 75461 अप महेशखूंट-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन भी निर्धारित समय से देरी से चलीं.

यात्रियों को घंटों करना पड़ा इंतजार

ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के कारण स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. कई यात्रियों की आगे की यात्रा और जरूरी कार्य प्रभावित हुए. रेलवे अधिकारियों के अनुसार डाउन रूट की ट्रेनों के विलंब से आने के कारण रैक समय पर उपलब्ध नहीं हो सके, जिससे अप रूट की ट्रेनों को रीशेड्यूल करना पड़ा. रेल प्रशासन ने परिचालन को जल्द सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है.


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन