कारगिल विजय दिवस पर एससीएस डीएवी स्कूल में वीर जवानों को नमन, एसएसबी कैंप पहुंचकर बच्चों ने किया सम्मान
एसएसबी जवानों के साथ विद्यालय के छात्र-छात्रा | Prabhat Khabar Network
एसएससी डीएवी पब्लिक स्कूल, खड़गपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक भव्य देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया और एसएसबी कैंप पहुंचकर वीर जवानों का सम्मान किया.
Kargil Vijay Diwas: हवेली खड़गपुर. कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर क्षेत्र स्थित एससीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में भव्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर "भारत माता की जय" और "जय हिंद" के नारों से गूंज उठा.
देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे विद्यार्थी
कार्यक्रम में भारतीय सेना की वर्दी पहने तथा हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं आकर्षण का केंद्र बने रहे. विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशभक्ति विषयक पोस्टर एवं चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
एसएसबी कैंप पहुंचकर जवानों का किया सम्मान
विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं एसएसबी कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर तथा तिरंगा लहराकर सम्मान किया. जवानों ने भी बच्चों के स्नेह और सम्मान को आत्मीयता से स्वीकार करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. इस दौरान विद्यार्थियों ने जवानों से संवाद कर उनके अनुभवों को भी जाना.
कारगिल के वीरों से प्रेरणा लेने का संदेश
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है. वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा की थी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है.
देशसेवा की भावना को मिलेगा बल
Kargil Vijay Diwas: उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं. कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए