हवेली खड़गपुर में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, डेढ़ लाख से अधिक का सामान ले उड़े चोर
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण व पुलिस. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर के हवेली खड़गपुर में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है. चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो दुकानों को निशाना बनाकर दुकानदारों की सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है. खंडबिहारी गांव स्थित बेसिक स्कूल के पास सोमवार की देर रात हुई चोरी में चोर डेढ़ लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान लेकर फरार हो गये. मंगलवार की सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. एक साथ दो दुकानों में चोरी से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
वेंटिलेटर और ईंट तोड़कर दुकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गौतम जनरल स्टोर को निशाना बनाया. चोर दुकान के वेंटिलेटर और ईंट को तोड़कर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए. दुकान संचालक गौतम सिंह के अनुसार, चोर दुकान से एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री चोरी कर ले गये. घटना के बाद दुकान में सामान बिखरा पड़ा मिला.
शटर का ताला तोड़कर जेके मल्टी स्टोर में की चोरी
इसके बाद चोरों ने पास स्थित जितेंद्र ठाकुर के जेके मल्टी स्टोर सह कॉमन सर्विस सेंटर को निशाना बनाया. यहां चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गये. दुकान से चूड़ी, प्रिंटर समेत कई अन्य सामान चोरी कर लिये गये. दोनों दुकानों में हुई चोरी की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है.
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामने आया मामला
मंगलवार की सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई. दुकान में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गये. इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. एक ही रात दो दुकानों में चोरी की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और दुकानदार भी मौके पर जुट गये.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही प्रभारी डीएसपी प्रभात रंजन, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और एसआई पंकज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने दोनों दुकानों का जायजा लिया और दुकानदारों तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली. पुलिस ने चोरी के तरीके और संभावित सुरागों की भी पड़ताल की.
आवेदन मिलने के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
हवेली खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की है. दुकानदारों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. एक ही रात दो दुकानों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









