ePaper

सदर अस्पताल में छह माह में आये दस्त व डायरिया के 1,385 मरीज, दो की मौत

Updated at : 29 Jun 2025 7:30 PM (IST)
विज्ञापन
सदर अस्पताल में छह माह में आये दस्त व डायरिया के 1,385 मरीज, दो की मौत

बदलते मौसम का प्रकोप हो या बेतहाशा गर्मी, लोगों में सबसे अधिक तेजी से फैलने वाली बीमारी दस्त व डायरिया है.

विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के फाइलों व कार्यक्रमों तक ही सिमटा है सघन दस्त नियंत्रण अभियान

मुंगेर. बदलते मौसम का प्रकोप हो या बेतहाशा गर्मी, लोगों में सबसे अधिक तेजी से फैलने वाली बीमारी दस्त व डायरिया है. वैसे तो लोग इस बीमारी को जागरूकता के अभाव में सामान्य रूप से लेते हैं, लेकिन इन बीमारियों से लोगों की मौत ही इसके भयावहता को दर्शता है. यही कारण है कि सरकार लोगों को इस बीमारी से बचाने के लिए प्रत्येक वर्ष सघन दस्त नियंत्रण अभियान चलाती है, लेकिन मुंगेर जिले में सघन दस्त अभियान केवल फाइलों और कार्यक्रमों तक ही सिमट कर रह गया है. इसका अंदाजा केवल इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 2025 के अबतक के छह माह में सदर अस्पताल में दस्त व डायरिया के कुल 1,385 मरीज इलाज के लिए भर्ती हुए, जिसमें से दो मरीज की मौत भी हो चुकी है.

5 साल के बच्चे से लेकर 60 वर्ष तक के वृद्ध हैं शामिल

जिले में दस्त व डायरिया के आंकड़ों को देखें तो 20 लाख की जनसंख्या वाले मुंगेर जिला मुख्यालय के सदर अस्पताल में ही जनवरी से जून माह में अबतक दस्त व डायरिया के कुल 1,385 मरीज इलाज के लिए भर्ती हो चुके हैं. जिसमें 5 साल के बच्चे से लेकर 60 वर्ष तक के वृद्ध शामिल हैं. वहीं इन 6 माह में सदर अस्पताल में इलाज के लिए दस्त व डायरिया के दो मरीज की मौत भी हो चुकी है. जिसमें अप्रैल माह में सीताकुंड निवासी 30 वर्षीय चिनमा देवी की मौत हो गयी थी. जबकि मई माह में धरहरा प्रखंड के कुमारपुर निवासी 39 वर्षीय संजीत कुमार की मौत इस बीमारी के कारण हो गयी थी.

स्वास्थ्य विभाग को साल में केवल एक बार ही आती है जागरूक करने की याद

सरकार द्वारा 13 जुलाई से जिले में सघन दस्त नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा, लेकिन दस्त नियंत्रण अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग के फाइलों तक ही सिमट कर रह गया है. जो खुद सदर अस्पताल में दस्त व डायरिया के मरीजों के आंकड़ों को देखकर ही समझा जा सकता है. इतना ही नहीं जिला स्वास्थ्य विभाग को पूरे साल में केवल एक बार ही लोगों को दस्त व डायरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने की याद आती है. हद तो यह है कि 32 करोड़ का मॉडल अस्पताल बनने के बाद भी अबतक सदर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले दस्त व डायरिया पीड़ित मरीजों को अलग से आइसोलेशन वार्ड नहीं मिल पाया है.

13 जुलाई से जिले में चलाया जायेगा सघन दस्त नियंत्रण अभियान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 जुलाई से अगले दो माह तक दस्त व डायरिया जैसी बीमारियों से बचने तथा लोगों को इसके लिए जागरूक करने को लेकर सघन दस्त नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा. जो दो माह अर्थात सितंबर माह तक चलेगा. इस दौरान विशेष रूप से जिले के 5 साल तक के बच्चों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर ओरआरएस का घोल उपलब्ध कराया जायेगा. साथ ही दस्त व डायरिया से पीड़ित बच्चों को जिंक का टेबलेट खिलाया जायेगा. इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारी भी आरंभ कर दी गयी है. इस अभियान के पहले चरण में 14 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा माइकिंग की जायेगी, जिसके बाद डोर-टू-डोर अभियान चलाया जायेगा. जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. फैजान आलम अशरफी ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले में 5 साल तक कुल 2 लाख 37 हजार 435 बच्चों को ओआरएस उपलब्ध कराया जायेगा, जिसमें कुल हाउस होल्ड की संख्या 3 लाख 29 हजार 358 है. वहीं इस अभियान के दौरान जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2 लाख 96 हजार 302 पैकेट ओआरएस तथा 29 लाख 91 हजार 679 जिंक टेबलेट का डिमांड विभाग से किया गया है, जिसे अभियान के दौरान डोर-टू-डोर जाकर वितरित किया जायेगा. इस कार्य के लिए आशा को लगाया जायेगा.

6 माह में दस्त व डायरिया के आंकड़े

माह इलाज के लिए आये मरीज मौत

जनवरी 87 0

फरवरी 167 0

मार्च 235 0

अप्रैल 262 1

मई 354 1

जून (29 दिन) 280 0

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन