मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा को लेकर सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 22 Feb 2026 6:23 PM

विज्ञापन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मुंगेर जिले में आगामी पांच मार्च को समृद्धि यात्रा संभावित है, जिसकी तैयारी में जिला प्रशासन ने अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है.

विज्ञापन

विभागों से मांगी गयी शिलान्यास एवं उद्घाटन किये जाने वाली योजनाओं की विवरणी

मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मुंगेर जिले में आगामी पांच मार्च को समृद्धि यात्रा संभावित है, जिसकी तैयारी में जिला प्रशासन ने अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है. एक ओर जहां जिलाधिकारी निखिल धनराज ने सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की सभी प्रकार की छुट्टियां अगले आठ मार्च तक के लिए रद्द कर दिया. वहीं दूसरी ओर विभागों से शिलान्यास एवं उद्घाटन किये जाने वाली योजनाओं की सूची मांगी गयी है.

सीएम के संभावित समृद्धि यात्रा की तैयारी जिला स्तर पर जोर-शोर से की जा रही है. जिलाधिकारी निखिल धनराज ने समृद्धि यात्रा कार्यक्रम पर विधि व्यवस्था संधारण की स्थिति में जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ ही तकनीकी विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अन्य पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के पदाधिकारियों का अपने संबंधित मुख्यालय, कार्यालय में उपस्थिति अनिवार्य की है. इसे लेकर उन्होंने आगामी आठ मार्च 2026 तक के लिए सभी प्रकार के अवकाश को रद्द कर दिया. हालांकि पूर्व स्वीकृति एवं मातृत्व, पितृत्व अवकाश को इससे मुक्त रखा गया है. आदेश में डीएम ने कहा है कि विशेष परिस्थिति में अवकाश संबंधी आवेदन समयपूर्व उनके अनिवार्य रूप से साक्षात्कार के माध्यम से समर्पित करेंगे. जिसके बाद अवकाश की स्वीकृति के उपरांत ही अवकाश का उपभोग करेंगे. आदेश में कहा गया है कि अद्योहस्ताक्षरी के समक्ष मात्र अवकाश आवेदन समर्पित किया जाना अवकाश की स्वीकृति नहीं मानी जायेगी. इसे गंभीरता से लिया जायेगा.

अधिक से अधिक योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे सीएम

समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम के हाथों से अधिक से अधिक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन हो, इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा विभागों से समन्वय स्थापित की जा रही है. जिलाधिकारी निखिल धनराज ने नगर आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद, बुडको, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग, श्रम अधीक्षक, पुलिस भवन निर्माण विभाग, जिला उद्योग केंद्र, बीएमआइसीएल मुंगेर के परियोजना निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, नगर परिषद, नगर पंचायत, पीएचईडी, गंगा पंप नहर योजना, ग्रामीण कार्य विभाग, स्थानीय क्षेत्र प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी व कार्यपालक अभियंता को पत्र लिख कर शिलान्यास व उद्घाटन किये जाने वाले योजनाओं की विवरणी उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. पत्र में उन्होंने कहा है कि सीएम के समृद्धि यात्रा आगामी मार्च महीने में संभावित है. पत्र प्राप्ति के साथ सभी अपने-अपने विभाग में कराये जाने वाले शिलान्यास एवं उद्घाटन से संबंधित योजनाओं की विवरणी प्राक्कलित राशि सहित उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.

होली के दूसरे दिन समृद्धि यात्रा पर पहुंचेंगे मुंगेर

जानकारी के अनुसार तीन और चार मार्च को होली का त्योहार है, जबकि पांच मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर मुंगेर आयेंगे. होली को शांति पूर्ण संपन्न के लिए सभी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस अधिकारी व जवान लगातार दो दिन सड़क पर ड्यूटी करेंगे. ठीक चार मार्च को होली संपन्न करायेंगे और पांच मार्च को सीएम के संभावित कार्यक्रम में विधि व्यवस्था संधारण ड्यूटी में लग जायेंगे. जिला और पुलिस प्रशासन तैयारी में जुट गया है, ब्लू प्रिंट तैयार कर तैयारी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की चूक नहीं हो.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन