नमाज पढ़कर घर लौट रहे शेख नुरैन की गोली मार हत्या

बैरिया पंचायत के आर्यानगर में रविवार की रात अपराधियों ने शेख नुरैन (55) की गोली मार हत्या कर दी.
रामगढ़वा (पूचं).थाना क्षेत्र की बैरिया पंचायत के आर्यानगर में रविवार की रात अपराधियों ने शेख नुरैन (55) की गोली मार हत्या कर दी. घटना रात करीब 9.45 बजे की है. उस समय चैंपियन ट्रॉफी में भारत की जीत पर लोग पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे थे. शेख नुरैन तरावी की नमाज पढ़कर घर जाने के लिए निकले थे. उनके पुत्र शेख रहमतुल्लाह ने बताया कि तरावी की नमाज सुनकर गांव की मस्जिद से घर जाने के लिए वह बाहर निकले. जैसे ही अपनी बाइक पर बैठे पूर्व से घात लगाये अपराधियों ने सामने से उनके सीने में गोली मार दी. इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना स्थल के समीप खड़ी कार के पीछे अपराधी छिपे हुए थे. इसके बाद वहां पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी. पूरे गांव में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव देने से इनकार कर दिया. वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे. पुलिस ने गांव के अर्जुन साह व प्रमोद कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. सोमवार की सुबह एसपी स्वर्ण प्रभात घटना स्थल पर पहुंचे. इसके बाद ही परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी जाने दिया गया. एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले के उद्भेदन व हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व एसआइटी का गठन किया गया है. शीघ्र ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस घटना की वैज्ञानिक तरीके के साथ सूक्ष्म बिन्दुओं पर भी जांच कर रही है. इसके लिए डाॅग स्क्वायड और एफएसएल की टीम भी बुलायी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




