जिसने घर की मरम्मत की, उसी ने कर दी चोरी! बिजली विभाग के अधिकारी के घर चोरी का खुलासा

सांकेतिक तस्वीर
रक्सौल पुलिस ने बिजली विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है. मरम्मत का काम करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद किया गया है.
Raxaul News: रक्सौल पुलिस ने बिजली विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार निराला के आवास में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले में चोरी गए अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी में इस्तेमाल किए गए तरीके और सामान की बरामदगी हुई है.
मरम्मत कार्य करने वाले दो युवकों पर हुआ शक
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि सहायक कार्यपालक अभियंता के आवास पर मरम्मत कार्य कर रहे बिरबल कुमार और अभिषेक कुमार पर संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
कचरे के ढेर से बरामद हुए सोने के आभूषण
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कचरे के ढेर में छिपाकर रखे गए करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए. पुलिस के अनुसार चोरी के दौरान कुल 28 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण गायब हुए थे. शेष नकदी की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई जारी है.
दोनों आरोपी भेजे जाएंगे न्यायिक हिरासत
पुलिस ने इस मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या-343/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










