Raxaul Airport निर्माण का रास्ता साफ, एक सप्ताह में AAI को सौंपी जाएगी जमीन
रक्सौल एयरपोर्ट के लिए चयनित भूमि
Raxaul Airport: रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना को बड़ी रफ्तार मिली है. अगले एक सप्ताह में अधिग्रहित भूमि एएआई को सौंपे जाने की तैयारी है. इससे पूर्वी चंपारण, उत्तर बिहार और नेपाल सीमा क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. पढे़ं पूरी खबर…
रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Raxaul Airport: रक्सौल में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. एयरपोर्ट विस्तार और निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि अब जल्द ही भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को सौंप दी जाएगी. प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अगले एक सप्ताह के भीतर जमीन का विधिवत दखल-कब्जा एएआई को दिए जाने की संभावना है. इसके साथ ही वर्षों से चर्चा में रही रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना अब जमीन पर उतरती नजर आ रही है.
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहुंची अंतिम चरण में
जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से 1 जून को जारी अंतिम आम सूचना की अवधि पूरी हो चुकी है. इसके बाद प्रशासन अधिग्रहित भूमि को एएआई के हवाले करने की प्रक्रिया में जुट गया है. जिन रैयतों ने अब तक मुआवजा प्राप्त करने के लिए जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उनकी राशि लारा कोर्ट में जमा कराई जाएगी, ताकि वे बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत भुगतान प्राप्त कर सकें.
छह मौजों की जमीन परियोजना में शामिल
एयरपोर्ट विस्तार के लिए भरतमही, एकडेरवा, सिंहपुर, चिकनी, सिसवा और चंदुली मौजा की भूमि का अधिग्रहण किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के महत्व को देखते हुए अब किसी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि एएआई की टीम अगले दो-तीन दिनों में मोतिहारी पहुंचेगी और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
सीमावर्ती क्षेत्र के विकास को मिलेगा बढ़ावा
रक्सौल भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है. एयरपोर्ट बनने से पूर्वी चंपारण, उत्तर बिहार और नेपाल के तराई क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा. इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और आपदा प्रबंधन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना रक्सौल को क्षेत्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










