Patahi Block News: जनकल्याण शिविर से गायब मिले कर्मी, बीडीओ ने 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
जनकल्याण शिविर
Patahi Block News: सहयोग सह जनकल्याण शिविर में अनुपस्थित पाए गए डेढ़ दर्जन कर्मियों पर बीडीओ ने कार्रवाई की है. सभी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. पढ़ें पूरी खबर...
मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट
Patahi Block News: मोतिहारी के पताही प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित सहयोग सह जनकल्याण शिविर में अनुपस्थित पाए गए डेढ़ दर्जन कर्मियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उदय कुमार ने संबंधित कर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है. कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, 16 जून से 18 जून 2026 तक प्रखंड स्तर पर सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया था. विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई थी.
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मी
बीडीओ उदय कुमार द्वारा जारी स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि 17 जून 2026 को आयोजित शिविर के दौरान कई कर्मी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं पाए गए. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों से कारण बताने को कहा है कि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं की जाए.
यह भी पढ़ें: जन कल्याण शिविर में नहीं दिखे कर्मचारी, खाली पड़ी रहीं कुर्सियां
24 घंटे में मांगा गया जवाब
बीडीओ ने सभी अनुपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे 24 घंटे के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें. उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो मामले को आगे की कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा.
प्रशासन का कहना है कि जनकल्याण शिविर का उद्देश्य आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ऐसे में ड्यूटी से अनुपस्थित रहना गंभीर मामला है.
इन कर्मियों को जारी किया गया नोटिस
स्पष्टीकरण जारी किए गए कर्मियों में बीएचएम राजकुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर कुलदेव कुमार, आवास सहायक कमलेश कुमार, रीता कुमारी, सतीश कुमार, लेखपाल संजीव कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार, विकास मित्र सरिता कुमारी तथा पंचायत रोजगार सेवक देवेश कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मियों में हलचल बढ़ गई है.
बीडीओ ने क्या कहा?
बीडीओ उदय कुमार ने बताया कि सहयोग सह जनकल्याण शिविर में अनुपस्थित पाए गए कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. जवाब प्राप्त होने के बाद उसकी समीक्षा की जाएगी.
उन्होंने कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को लिखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: अतिक्रमण की चपेट में मोतिहारी का स्कूल, शौचालय और रसोईघर के बिना पढ़ने को मजबूर बच्चे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










