चंपारण की बेटी को पोलैंड से मिली डॉक्टरेट की उपाधि, वैज्ञानिक बनने के सपने को मिली नई उड़ान

Updated:
विज्ञापन
Dr Shivani Kumari after successfully completing her PhD at the International Institute of Molecular and Cell Biology in Warsaw, Poland.

डॉ. शिवानी कुमारी

पूर्वी चंपारण की शिवानी कुमारी ने पोलैंड के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मॉलिक्यूलर एंड सेल बायोलॉजी से पीएचडी पूरी कर डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी से इंतेजारूल हक की रिपोर्ट

पूर्वी चंपारण की बेटी शिवानी कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. उन्होंने पोलैंड की राजधानी वारसॉ स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मॉलिक्यूलर एंड सेल बायोलॉजी से अपनी पीएचडी थीसिस का सफलतापूर्वक डिफेंस पूरा कर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है.

वैज्ञानिक बनने के सपने को मिली नई पहचान

डॉ. शिवानी की यह उपलब्धि उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिणाम है. पीएचडी पूरी करने के बाद अब उनका वैज्ञानिक बनने का सपना और मजबूत हुआ है. वर्तमान में वह पोलैंड में रहकर शोध कार्य कर रही हैं और विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

दिल्ली विश्वविद्यालय से लेकर पोलैंड तक का शानदार सफर

शिवानी ने अपनी उच्च शिक्षा की शुरुआत दिल्ली विश्वविद्यालय से की. इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की. उच्च शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए उन्होंने इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मॉलिक्यूलर एंड सेल बायोलॉजी, वारसॉ (पोलैंड) से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की.

शुरू से था शोध के क्षेत्र में कुछ बेहतर करने का सपना

डॉ. शिवानी मोतिहारी शहर के कोलुहरवा निवासी एवं मंगल सेमिनरी स्कूल के कर्मी रंजीत कुमार की पुत्री हैं. परिजनों के अनुसार शिवानी बचपन से ही शोध और विज्ञान के क्षेत्र में कुछ नया और बेहतर करने का सपना देखती थीं. अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है.

बेटी की सफलता पर गौरवान्वित हैं माता-पिता

डॉ. शिवानी की सफलता पर उनके पिता रंजीत कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी बेटी को देश के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक सफलता प्राप्त करते देखना गर्व की बात होती है. उन्होंने कहा कि विज्ञान और अनुसंधान की दुनिया में डॉ. शिवानी का यह कदम पूरे पूर्वी चंपारण जिले के लिए गौरव का विषय है.

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

डॉ. शिवानी कुमारी की उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और निरंतर प्रयास से वैश्विक स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है. उनकी सफलता से जिले के विद्यार्थियों और शोध के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन