भीषण गर्मी को लेकर डीएम का बड़ा आदेश, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 27 जून तक बंद
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
पूर्वी चंपारण में भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम सौरभ सुमन यादव ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कोचिंग संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र 27 जून तक बंद रखने का आदेश जारी किया है.
मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari School News: पूर्वी चंपारण जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. जिला दंडाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 25 जून से 27 जून 2026 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है.
जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध प्री-स्कूल, कोचिंग संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू रहेगा.
बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया फैसला
जिला प्रशासन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक गर्मी और उमस बने रहने की संभावना जताई गई है. ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि बच्चों को लू, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों से बचाया जा सके.
यह भी पढ़ें: NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में चालक की मौत
9वीं से ऊपर की कक्षाएं जारी रहेंगी
डीएम के आदेश के अनुसार कक्षा 9 और उससे ऊपर की शैक्षणिक गतिविधियां आवश्यक सावधानियों के साथ संचालित की जा सकेंगी.
विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें.
सभी विभागों को भेजा गया आदेश
जिला प्रशासन ने आदेश की प्रति शिक्षा विभाग, अनुमंडल प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को भेज दी है.
साथ ही सभी अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: चिरैया में 39 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई
भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित
पूर्वी चंपारण में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है.
अभिभावकों को मिली राहत
प्रशासन के इस फैसले के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली है. कई अभिभावकों का कहना है कि तेज गर्मी में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो रहा था.
जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहें.
यह भी पढ़ें: कस्टमर केयर के नाम पर साइबर ठगी, खाते से उड़े 95 हजार रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










