Rajepur News: दहेज उत्पीड़न की सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम पर हमला, दो गिरफ्तार
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जबकि 17 नामजद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Rajepur News: पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर मझौलिया गांव में दहेज प्रताड़ना और विवाहिता को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया.
दहेज उत्पीड़न की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार मोतिहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोढ़वा निवासी विनोद प्रसाद की पुत्री की शादी वर्ष 2016 में महमदपुर मझौलिया निवासी अनिल कुमार से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करता था.
बुधवार शाम विवाहिता को बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम गांव पहुंची. इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, कई लोग मौके से फरार
डायल 112 के पदाधिकारी सुनील कुमार आत्रे की सूचना पर राजेपुर, मधुबन और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महेश प्रसाद और उनके पुत्र गौरीशंकर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: नेपाल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, मानव तस्करी के आरोप में पांच भारतीय गिरफ्तार
दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज
मामले में विवाहिता के पिता विनोद प्रसाद ने पति सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज कराया है.
वहीं डायल 112 के पदाधिकारी सुनील कुमार आत्रे के आवेदन पर महेश प्रसाद, गौरीशंकर प्रसाद समेत 17 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर हमला और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










