Motihari News: मोतिहारी में बड़ा हादसा: अचानक गिरा पेड़, चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा गंभीर
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 21 May 2026 3:26 PM
अचानक गिरा पेड़, चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा गंभीर
Motihari News:मोतिहारी के हरसिद्धि में गायघाट चौक के पास अचानक पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया. पेड़ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.पढे़ं पूरी खबर…
Motihari News:मोतिहारी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक के समीप गुरुवार को अचानक एक विशाल पेड़ गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे की चपेट में आने से दो अधेड़ उम्र के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे घायल व्यक्ति की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, थम गई वाहनों की रफ्तार
चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों व्यक्ति सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक एक भारी-भरकम पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा. पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. हादसे के कारण सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गई, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला.
पुलिस ने शुरू की जांच, मृतक की पहचान की कोशिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से सड़क से पेड़ को हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है और उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. परिजनों को सूचित करने के साथ ही पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










