मोतिहारी: नगर निगम बोर्ड की बैठक में भारी हंगामा, लंबित योजनाओं को लेकर अधिकारियों पर बिफरे पार्षद
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 23 May 2026 7:40 AM
नगर निगम बोर्ड की बैठक
Motihari News: नगर निगम की बैठक में लंबित विकास योजनाओं को लेकर पार्षदों ने जमकर नाराजगी जताई.महापौर ने नाला उड़ाही, स्ट्रीट लाइट और बिजली पोल हटाने के कार्यों में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त को कड़े निर्देश दिए हैं. जानिए पूरी खबर…
Motihari News: मोतिहारी नगर निगम सभागार में शुक्रवार को महापौर प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में बोर्ड की मासिक साधारण बैठक आयोजित की गई.बैठक में शहर के विकास, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनहित के कार्यों में हो रही देरी और अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई.वार्ड पार्षदों ने खराब स्ट्रीट लाइट और नाला उड़ाही न होने का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया.
बिजली विभाग की उदासीनता पर नगर आयुक्त को निर्देश
बैठक में पिछले दो वर्षों से लंबित शवदाह गृह निर्माण में बिजली के तारों के बाधा बनने और बाजार समिति रोड पर बिजली पोल के कारण सड़क निर्माण रुकने का मामला गूंजा.महापौर ने बिजली विभाग की इस उदासीनता पर नगर आयुक्त आशीष कुमार को ऊर्जा विभाग के सचिव से पत्राचार कर तुरंत समाधान निकालने का निर्देश दिया.इसके अलावा अधूरे नगर भवन के निर्माण और योजना चयन के बाद भी टेंडर प्रक्रिया शुरू न होने पर सदस्यों ने गहरा खेद जताया.
सभी 46 वार्डों में होगा सर्वे, लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
निगम के सभी 46 वार्डों में नई स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है.पार्षदों को अपने क्षेत्रों में जलजमाव वाली गलियों, मुख्य सड़कों और नालों को प्राथमिकता देते हुए नई योजनाओं का चयन करने को कहा गया है.इसके साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण में देरी करने वाले कर्मियों और शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.बैठक में विधायक विशाल साह और डिप्टी मेयर डॉ लालबाबू प्रसाद सहित कई पार्षद व अधिकारी उपस्थित थे.
मोतिहारी से अमरेश सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










