Motihari : परिवारिक विवाद में विवाहिता की हत्याकर शव जलाया,पति समेत ससुरालियों के विरुद्ध प्राथमिकी
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 22 May 2026 5:15 PM
परिवारिक विवाद में विवाहिता की हत्याकर शव जलाया
Motihari News:पूर्वी चंपारण के मधुबन में पारिवारिक विवाद में विवाहिता राधिका देवी की हत्या कर शव जलाया. मृतका के भाई ने पति समेत 7 ससुराल वालों पर दर्ज कराई एफआईआर. आरोपियों की तलाश जारी.पढे़ं पूरी खबर…
Motihari News:पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित कौड़िया गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पारिवारिक विवाद में 35 वर्षीय विवाहिता राधिका देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात को छुपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से ससुराल वालों ने आनन-फानन में मृतका के शव को भी जला दिया. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका कौड़िया गांव निवासी रामचंद्र सहनी की पत्नी थी.
शादी के 16 साल बाद खूनी खेल, मायके वालों को बिना बताए दाह-संस्कार
घटना की भनक लगते ही मृतका के भाई और पताही थाने के गहम्हरिया गांव निवासी जिमदार सहनी ने मधुबन थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में बताया गया है कि राधिका की शादी साल 2008 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी. पिछले तीन-चार वर्षों से ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी. गुरुवार को भाई को सूचना मिली कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है. जब वह कौड़िया गांव पहुंचा, तो पता चला कि आरोपी शव को जला चुके हैं और मृतका के तीन मासूम बच्चों को लेकर फरार हो गए हैं
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
मामले में मृतका के भाई के बयान पर पति रामचंद्र सहनी, धनई सहनी, धनई सहनी की पत्नी, हीरालाल सहनी, उनकी पत्नी, रामस्वरूप सहनी और उनकी पत्नी समेत कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. मधुबन के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है. सभी नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है
मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










