Motihari News: नवविवाहिता के शरीर से जेवर ले उड़े चोर, घर में रखा मीट-दूध भी चट कर गए

नवविवाहिता के शरीर से जेवर ले उड़े चोर, घर में रखा मीट-दूध भी चट कर गए
मोतिहारी के मधुबन में चोरों ने अनोखी वारदात को अंजाम दिया. सेंधमारी कर घर में घुसे चोरों ने सो रही नवविवाहिता के शरीर से गहने उतार लिए और घर में बना मीट-दूध भी खा गए. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है….
Motihari news:पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. कृष्णानगर पंचायत के लाही गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर में सेंधमारी की और सो रही नवविवाहिता के शरीर से आभूषण उतार कर फरार हो गए. वारदात की खास बात यह रही कि चोरी के बाद चोरों ने इत्मीनान से घर में रखा मीट खाया और दूध भी पीया.
शादी के तीन दिन बाद ही वारदात
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र राम के पुत्र करण राम की शादी बीते 8 मई को हुई थी. 9 मई को विदाई के बाद दुल्हन नेहा कुमारी पहली बार अपने ससुराल आई थी. सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे. इसी बीच देर रात चोरों ने टीन के घर में नीचे से सेंध लगाई और अंदर दाखिल हो गए.

आभूषण और दुपट्टा ले गए, लहंगा छोड़ दिया
चोरों ने सो रही दुल्हन के गले से मंगलसूत्र, ढोलना, पायल और नाक के जेवर बड़ी चालाकी से उतार लिए. इसके बाद उन्होंने किचन में रखा मीट और दूध चट किया. चोर घर से अटैची भी ले गए, लेकिन उसमें से केवल दुपट्टा निकाला और महंगा लहंगा बाहर ही छोड़ दिया. सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तब जाकर इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा हुआ.
प्रशासनिक जांच और उठते सवाल
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग हैरान हैं कि शरीर से जेवर उतारते समय किसी को भनक तक नहीं लगी. स्थानीय सरपंच धनंजय यादव के मुताबिक, करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है. थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा.
मोतिहारी के मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










