मोतिहारी: मक्के के खेत से मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

प्रतीकात्मक फोटो
Motihari News: हरसिद्धि में मक्के के खेत से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक रमेश शाह काठमांडू में मजदूरी करता था और कई दिनों से लापता था. पुलिस हत्या की आशंका मानकर मामले की जांच में जुटी हुई है. पढे़ं पूरी खबर…
हरसिध्दि पूर्वी चंपारण से बृजकिशोर कुशवाहा की रिपोर्ट
Motihari News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब छपवा-हरसिद्धि मुख्य मार्ग पर धनखराया स्थित सोमेश्वर पेट्रोल पंप के पास मक्के के खेत में एक युवक का शव मिला. सुबह स्कूल जा रहे बच्चों ने खेत में शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नंदपुर परसौना गांव निवासी 35 वर्षीय रमेश शाह के रूप में हुई है.
काठमांडू में मजदूरी करता था युवक
जानकारी के मुताबिक रमेश शाह काठमांडू में मजदूरी का काम करता था. वह पिछले कुछ दिनों से घर से लापता बताया जा रहा था. परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम तक उसे हरसिद्धि इलाके में देखा गया था.
बच्चों की नजर पड़ते ही फैली सनसनी
रविवार सुबह स्कूल जाने के दौरान बच्चों ने सड़क किनारे खेत में शव देखा. बच्चों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना अध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
बहन पक्ष ने की शव की पहचान
मृतक की बहन का घर पन्नापुर रंजीता पंचायत में बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर बहन पक्ष के लोग घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान की. वहीं मृतक के परिजन भी गांव से हरसिद्धि पहुंच गए.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










