Motihari News: मैगजीन और दो जिंदा कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 13 Jun 2026 6:52 PM

विज्ञापन

गजीन और दो जिंदा कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

Motihari News: मोतिहारी के तुरकौलिया में मिलाद की दावत से लौट रहे युवक से लूटपाट के दौरान ग्रामीणों ने एक शातिर अपराधी मिंटू अंसारी को खदेड़कर पकड़ लिया. पुलिस ने उसके पास से एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद कर उसे जेल भेज दिया है.पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

मोतिहारी, तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर अपराधी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. पकड़े गए अपराधी की पहचान जयसिंहपुर बाबुटोला निवासी मिंटू अंसारी के रूप में हुई है. वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दे रहा था. घटना के संबंध में बताया जाता है कि जयसिंहपुर शम्भू टोला निवासी पीड़ित युवक मासूम अली गांव में ही एक व्यक्ति के घर मिलाद की दावत खाकर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी बीच, एक अपाचे बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया. बदमाशों ने मासूम अली के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.

दो आरोपी हुए फरार

बदमाशों ने मासूम अली से सोने की चेन और 200 रुपये नकद लूट लिए. इसके बाद अपराधियों ने उसके कनपटी पर पिस्टल सटा दी और जान से मारने की धमकी देने लगे. इस दौरान पीड़ित मासूम अली घबराने के बजाय बदमाशों से भिड़ गया. दोनों पक्षों के बीच हुई इस धक्का-मुक्की में पिस्टल की मैगजीन मासूम के हाथ में आ गई.इसी बीच शोर सुनकर गांव के लोगों को अपनी तरफ आते देख तीनों आरोपी धमकी देते हुए भागने लगे. हालांकि, ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए घेराबंदी की और खदेड़कर एक आरोपी मिंटू अंसारी को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी आरिफ अंसारी और तबरेज अंसारी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी के साथ-साथ मैगजीन और कारतूस भी पुलिस को सौंप दिया.

जेल भेजा गया, फरार साथियों की तलाश तेज

जख्मी युवक मासूम अली का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया है, जहां बंदूक के बट से सिर पर वार किए जाने के कारण उसे गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित के बयान पर तुरकौलिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. थानाध्यक्ष संपत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी मिंटू अंसारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. इसके साथ ही वारदात में शामिल फरार आरोपी आरिफ और तबरेज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन