मोतिहारी में आभूषण व्यवसायी से 20 लाख की लूट, सोना-चांदी लेकर फरार हुए बदमाश

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

मोतिहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आभूषण व्यवसायी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. पीड़ित पक्ष के अनुसार बदमाश सोने और चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच और अपराधियों की पहचान में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

मोतिहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात आभूषण व्यवसायी से लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है. गोढवा गैस गोदाम जाने वाले रास्ते में बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी को रोककर आभूषणों से भरा बैग छीन लिया. पीड़ित पक्ष के अनुसार बैग में बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी

जानकारी के अनुसार, शिवजी साह की गोढवा चौक पर आकाश ज्वेलर्स नाम से दुकान है. शुक्रवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर पतौरा लाला टोला लौट रहे थे. रात करीब 10 बजे गोढवा गैस गोदाम मार्ग स्थित सुनसान इलाके में पहले से मौजूद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.

बताया जाता है कि व्यवसायी ने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया. इसके बाद आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए.

पीड़ित पक्ष ने लाखों के जेवरात लूटे जाने का किया दावा

व्यवसायी के भाई शंभु प्रसाद ने बताया कि बैग में करीब पांच किलोग्राम चांदी और लगभग 125 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे. उनके अनुसार लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल सभी अपराधी दो बाइक पर सवार थे. उनके पास हथियार होने की भी आशंका जताई गई है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया.

पुलिस कर रही पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. हालांकि प्रारंभिक जांच के दौरान अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका.

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यवसायी की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन