राजकीय पॉलिटेक्निक में मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को किया गया जागरूक

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं

राजकीय पॉलिटेक्निक, मोतिहारी में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. सदर अस्पताल की टीम ने नशे के दुष्प्रभावों और बचाव के व्यावहारिक उपायों पर मार्गदर्शन दिया.

विज्ञापन

Motihari News: राजकीय पॉलिटेक्निक, मोतिहारी में बुधवार को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार के निर्देश पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशे की समस्या से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य, नशे के दुष्प्रभाव और उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई. सदर अस्पताल की नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. नगमा ज़मीर एवं उनकी टीम ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया.

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्यदेव कुमार राम, नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. नगमा ज़मीर, मनोवैज्ञानिक उत्कर्ष उज्जवल, केस रजिस्ट्री असिस्टेंट सुधांशु कुमार एवं अवधेश शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व एवं नशे से दूर रहने का संदेश दिया.

विशेषज्ञों ने बताए नशे से बचाव के उपाय

डॉ. नगमा ज़मीर ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने नशे की समस्या, उसके दुष्प्रभाव तथा उससे मुक्ति के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा करते हुए काउंसलिंग, चिकित्सकीय उपचार, नशा मुक्ति केंद्रों की सहायता तथा परिवार और मित्रों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि सही समय पर चिकित्सकीय सलाह और मानसिक मार्गदर्शन से नशे की लत से बाहर निकला जा सकता है.

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से तनाव की स्थिति में नशे का सहारा लेने के बजाय परिवार, शिक्षकों एवं विशेषज्ञों से सलाह लेने की अपील की.

बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र रहे मौजूद

कार्यक्रम का समापन व्याख्याता डॉ. जयंत राज के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. इस अवसर पर प्रो. राणा रंधीर प्रताप, डॉ. स्मृति रतन, डॉ. सलाउद्दीन अंसारी, प्रो. गोविंद साह, अशोक कुमार गौरव सहित अन्य शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: अब RAC टिकट पर भी नहीं होगी परेशानी, रेलवे ने बदल दिए नियम


विज्ञापन
अमृतेश कुमार

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन