घोड़ासहन शाखा नहर का तटबंध टूटा, सिंचाई विभाग ने युद्धस्तर पर शुरू कराया मरम्मत कार्य
पूर्वी चंपारण में भारी बारिश और नेपाल से बढ़े जलप्रवाह के कारण घोड़ासहन शाखा नहर का तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है. सिंचाई विभाग तत्काल मरम्मत कार्य में जुट गया है और जल्द ही नहर में जलापूर्ति फिर से शुरू करने का दावा कर रहा है.
Motihari News: अत्यधिक वर्षा और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र से बढ़े जलप्रवाह के कारण पूर्वी चंपारण जिले की घोड़ासहन शाखा नहर के किलोमीटर 27.49 पर दायां तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद सिंचाई विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है. विभाग का दावा है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही नहर में जलापूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी.
Ghorasahan News: नेपाल की बारिश से बढ़ा जलप्रवाह
सिंचाई विभाग के अनुसार लगातार हो रही बारिश तथा नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण औरिया, तिलावे समेत कई नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया. इसके चलते घोड़ासहन शाखा नहर में सामान्य से अधिक जलप्रवाह हुआ और एक पुराने आउटलेट के समीप दाएं तटबंध में क्षति उत्पन्न हो गई.
तटबंध क्षतिग्रस्त होते ही शुरू हुई कार्रवाई

कार्यपालक अभियंता, घोड़ासहन नहर प्रमंडल, रक्सौल के अनुसार अभियंताओं की सतत निगरानी के दौरान रात में तटबंध की मिट्टी धंसने और ब्रीच होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद नहर का जलप्रवाह तत्काल शून्य कर आवश्यक रेगुलेटर खोले गए तथा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया.
आवागमन प्रभावित नहीं, फसलों को बड़े नुकसान की आशंका नहीं
विभाग ने स्पष्ट किया कि तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बावजूद मुख्य सड़क सुरक्षित है, इसलिए आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है. खेतों में गया पानी आगे नदी की ओर प्रवाहित हो रहा है, जिससे किसानों की फसलों को किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं है.
जल्द बहाल होगी जलापूर्ति
सिंचाई विभाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से को बंद कर तटबंध को मजबूत करने का कार्य तेजी से जारी है. विभाग का लक्ष्य अगले दिन दोपहर तक मरम्मत कार्य पूरा कर शाम से नहर में पुनः जलापूर्ति शुरू करने का है.
यह भी पढ़ें: अब RAC टिकट पर भी नहीं होगी परेशानी, रेलवे ने बदल दिए नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










