नेपाल में सब्जी लदा ट्रक नदी में गिरा, 12 वर्षीय बालक की मौत से पसरा मातम
सांकेतिक तस्वीर
नेपाल के मकवानपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें सब्जी से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे चंडी नदी में जा गिरा. इस दुर्घटना में 12 साल के एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. लगातार बारिश और घने कोहरे ने इस हादसे को अंजाम दिया.
Raxaul News: नेपाल के मकवानपुर जिले के भीमफेदी गांवपालिका-2 स्थित तिलटार क्षेत्र में त्रिभुवन राजमार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पालुङ से वीरगंज की ओर सब्जियां लेकर जा रहा मधेश प्रदेश 03-002 ख 5095 नंबर का छह चक्का डिब्बा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे चंडी नदी में जा गिरा. हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए.
बारिश और घने कोहरे में अनियंत्रित हुआ ट्रक
पुलिस के अनुसार लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी. ढलान वाले मार्ग से गुजरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक गहरी खाई में स्थित चंडी नदी में जा गिरा.
हादसे में पिता-पुत्र हुए घायल
दुर्घटना में पर्सा जिले के वीरगंज महानगरपालिका-32 निवासी 32 वर्षीय राजेश महतो तथा उनके 12 वर्षीय पुत्र कनाई महतो गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल परवानीपुर स्थित एल.एस. न्यूरो अस्पताल पहुंचाया गया.
इलाज के दौरान बालक की मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान 12 वर्षीय कनाई महतो की मौत हो गई. वहीं घायल राजेश महतो का इलाज जारी है. चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
चालक का भी चल रहा इलाज
हादसे में ट्रक चालक मकवानपुर जिले के राक्सिरांग गांवपालिका-9 निवासी 23 वर्षीय रंजीत कार्की भी घायल हो गया. उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और वाहन से संबंधित सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें: अब RAC टिकट पर भी नहीं होगी परेशानी, रेलवे ने बदल दिए नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










