लालपरसा रिंग बांध निर्माण शुरू, भूमिदाताओं को किया गया सम्मानित, सांसद और विधायक ने किया निरीक्षण

भूमि दान करने वाले किसानों को सम्मानित करते सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक बबलू गुप्ता
पूर्वी चंपारण के सुगौली में बहुप्रतीक्षित लालपरसा रिंग बांध परियोजना का निर्माण शुरू हो गया है. सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक राजेश कुमार ने स्थल का निरीक्षण किया और भूमिदाताओं का सम्मान किया. यह परियोजना सिकरहना नदी की बाढ़ से प्रभावित लाखों लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है.
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है. वर्षों से सिकरहना नदी की बाढ़ की मार झेल रहे सुगौली और बंजरिया प्रखंड के लोगों के लिए लालपरसा रिंग बांध परियोजना नई उम्मीद बनकर सामने आई है. परियोजना का जायजा लेने के लिए सांसद डॉ. संजय जायसवाल और स्थानीय विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने शुकुल पाकड़ पंचायत स्थित लालपरसा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया.
सांसद बोले- विशेष प्रयासों से मिली परियोजना की स्वीकृति
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि यह जनहित की महत्वपूर्ण परियोजना उनके विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुई थी. हालांकि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से इसका कार्य लंबे समय तक लंबित रहा. उन्होंने कहा कि विधायक बबलू गुप्ता की सक्रिय पहल और स्थानीय ग्रामीणों के साथ लगातार संवाद के बाद सभी विवादों का समाधान हो गया, जिससे अब निर्माण कार्य आगे बढ़ सका है.
सांसद ने कहा कि रिंग बांध बनने के बाद क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी और जलभराव के कारण बंजर हो चुकी हजारों एकड़ कृषि भूमि दोबारा खेती योग्य बन सकेगी.
यह भी पढ़ें: बंजरिया में पीडीएस डीलरों की बैठक, राशन वितरण में पारदर्शिता के सख्त निर्देश
भूमिदाताओं का किया गया सम्मान
परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों को सम्मानित करने के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया. सांसद और विधायक ने संयुक्त रूप से सभी भूमिदाताओं को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया.
सम्मानित किसानों में अमरेंद्र ठाकुर, हीरालाल यादव, लालबाबू यादव, त्रिभुवन ठाकुर, जोगी यादव, राजेंद्र यादव, रामचंद्र सिंह, संजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, चुन्नू सिंह, भग्नारायण पटेल, पिंटू सिंह, अनिल सिंह, अभिनीत सिंह, रामरेश सिंह, हरेंद्र यादव, ठाकुर यादव, प्रेम यादव, रामाशीष यादव, लाल बच्चा यादव, हरिनारायण श्रीवास्तव, रिंकू मिश्रा और विनोद सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे.
किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान यह उनका प्रमुख वादा था. भूमिदाताओं के त्याग से अब किसानों के लिए आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हुआ है. उन्होंने कहा कि रिंग बांध बनने के बाद सिकरहना नदी का पानी रिहायशी इलाकों और खेतों में नहीं घुसेगा, जिससे किसान निडर होकर साल में तीन फसलें ले सकेंगे.
कार्यक्रम में अवध पटेल, रामएकबाल प्रसाद, प्रदीप सर्राफ, विकास शर्मा, मुन्ना सिंह, अमर किशोर पटेल, मनोज सहनी, विजय जायसवाल, जग सहनी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










