Bike Thieves Arrested: मोतिहारी में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 चोरी की बाइक के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

वाहन चोर गिरोह पर्दाफाश की जानकारी देते पुलिस अधिकारी, इनसेट: बरामद बाइक
Bike Thieves Arrested: मुफ्फसिल थाना पुलिस ने हथुआंई गांव में छापेमारी कर वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें, एक मास्टर चाबी और बाइक के कटे हुए कल-पुर्जे बरामद किए गए हैं.
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
Bike Thieves Arrested: पूर्वी चम्पारण जिले की मुफ्फसिल थाना पुलिस ने एक संगठित अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, एक मास्टर चाबी और भारी मात्रा में बाइक के खुले हुए कल-पुर्जे बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है.
गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने हथुआंई गांव में की छापेमारी
पुलिस को 29 जून की रात को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हथुआंई गांव (वार्ड नंबर-05) में कुछ शातिर लोग मिलकर बड़े पैमाने पर मोटरसाइकिल चोरी का धंधा चला रहे हैं. वे चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स अलग कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित ठिकानों पर सघन छापेमारी की गई.
अलग-अलग ठिकानों से दबोचे गए गिरोह के चार शातिर
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथुआंई गांव से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें रायनावाडु कुमार के घर से मास्टर चाबी और चोरी की सुपर स्प्लेंडर मिली. सुच्चल बुधिया के घर से 3 चोरी की बाइक और खलीफा बुधिया के घर से 1 चोरी की बाइक और खुले हुए पार्ट्स बरामद हुए. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य राहुल कुमार (निवासी- बैतारही) को भी दबोच लिया, जबकि फरार राजा और रोशन की तलाश जारी है.
खलीफा बुधिया का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों में से खलीफा बुधिया का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम और मुफ्फसिल थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. इस पूरी कार्रवाई को लेकर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या- 424/26 के तहत बीएनएसएम (BNSM) की विभिन्न धाराओं में नया मामला दर्ज किया गया है. इस सफल छापेमारी टीम का नेतृत्व सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र पाण्डेय और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अमित कुमार कर रहे थे.
ये भी पढ़ें: मोतिहारी में पुलिस की बड़ी रेड, 5.2 किलो गांजे के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










