प्रभात खबर ने उठाई आवाज तो जागा प्रशासन, अब सुंदरपुर में सड़क और कटाव से मिलेगी राहत?

Author Raj Nikhil|Edited by Purushottam Kumar
Updated:
विज्ञापन

स्थल का जायजा लेते बीडीओ, कार्यपालक अभियंता, पीओ व अन्य

मोतिहारी के सुंदरपुर गांव में सिकरहना नदी के बढ़ते कटाव और जर्जर सड़क की समस्या को प्रभात खबर ने प्रमुखता से उठाया. खबर के असर से प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया. ग्रामीणों को सड़क मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य की उम्मीद जगी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar Impact: मोतिहारी. बंजरिया प्रखंड के सुंदरपुर गांव में सिकरहना नदी के कटाव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया. प्रभात खबर डिजिटल और अखबार में समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सुंदरपुर पहुंचकर कटाव स्थल और सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ग्रामीणों में सड़क मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है.

Banjariya News: सिकरहना नदी के कटाव से खतरनाक हुई सड़क

सुंदरपुर गांव में मस्जिद के समीप सिकरहना नदी लगातार सड़क के किनारे कटाव कर रही है. नदी के कटाव के कारण मोतिहारी को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क काफी संकरी और जर्जर हो गई है. सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां आवागमन करने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है.

टेंपो पलटने के बाद सामने आई थी समस्या की गंभीरता

banjariya news.jpg
नदी किनारे पलटे टेम्पो से चालक को निकालते ग्रामीण

मंगलवार को इसी मार्ग पर एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया था. हादसे में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद सड़क की जर्जर स्थिति और नदी कटाव से उत्पन्न खतरे को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता और बढ़ गई.

समस्या को लेकर प्रभात खबर डिजिटल ने मंगलवार और अखबार ने बुधवार के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था.

खबर के बाद संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को बंजरिया बीडीओ अजय कुमार प्रिंस, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार और मनरेगा पीओ अश्वनी कुमार समेत अधिकारियों की संयुक्त टीम सुंदरपुर पहुंची.

अधिकारियों ने सिकरहना नदी के कटाव से उत्पन्न खतरे, सड़क की चौड़ाई और जर्जर स्थिति का बारीकी से जायजा लिया. मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी समस्या की जानकारी ली गई.

सड़क मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य की जगी उम्मीद

प्रशासनिक अधिकारियों के त्वरित निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों में सड़क के पुनर्निर्माण और नदी कटाव रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है. अधिकारियों ने स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा उपाय करने का भरोसा दिया.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य और सड़क की मरम्मत कर दी जाती है तो भविष्य में बड़े हादसे को टाला जा सकता है.

प्रभात खबर ने उठाई जनता की आवाज

image.png
प्रभात खबर ने खबर किया था प्रकाशित

ग्रामीणों ने प्रभात खबर के प्रति जताया आभार

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताते हुए प्रभात खबर के प्रति आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों ने कहा कि समस्या को प्रमुखता से सामने लाए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

यह भी पढ़ें: नदी में पलटा यात्रियों से भरा टेंपो, चालक गंभीर, गांव वालों ने पहुंचाया अस्पताल


विज्ञापन
Raj Nikhil

लेखक के बारे में

By Raj Nikhil

राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन