नेपाल में बारिश से उफान पर बागमती नदी, पार किया खतरे का निशान, बाढ़ का अलर्ट

उफान पर बागमती नदी, फोटो- प्रभात खबर
नेपाल से लगातार बारिश के कारण पूर्वी चंपारण की बागमती नदी खतरे के निशान को पार कर गई है. नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों और खेतों में पानी फैलने लगा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. प्रशासन और जल संसाधन विभाग अलर्ट पर हैं.
River Danger Mark: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में भी दिखने लगा है. बागमती और लालबकेया नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. बागमती नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जिससे निचले इलाकों और खेतों में पानी फैलने लगा है. संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है.
खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा बागमती का जलस्तर
प्रशासन के अनुसार बागमती नदी का जलस्तर 61.28 मीटर के खतरे के निशान को पार करते हुए 61.34 मीटर तक पहुंच गया है. नदी का पानी अब तटबंध के भीतर से निकलकर खेतों और निचले इलाकों की ओर फैलने लगा है, जिससे तटवर्ती गांवों में चिंता बढ़ गई है.
तटबंधों पर तेज किया गया सुरक्षा कार्य
संभावित बाढ़ को देखते हुए बागमती परियोजना, शिवहर की ओर से बेलवाघाट से देवापुर और खोरीपाकर तक तटबंधों पर सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है. वहीं जल संसाधन विभाग, मोतिहारी द्वारा खोरीपाकर से महमतपुर तथा सपही से गुआवरी तक तटबंधों की निगरानी और मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है.
इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तटबंधों पर बालू से भरे बोरे भी स्टॉक किए जा रहे हैं.
प्रशासन की जलस्तर पर लगातार नजर
पताही के अंचलाधिकारी नितेश रंजन सेठ ने बताया कि बागमती नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है ताकि जलस्तर में और वृद्धि होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
निचले इलाकों के लोगों की बढ़ी चिंता
नदी का पानी खेतों की ओर फैलने से किसानों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. यदि नेपाल में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
यह भी पढे़ं: जमीन का दाखिल-खारिज करा रहे हैं? पहले पढ़ लीजिए ये खबर, आवेदन रिजेक्ट करने की मिलती है धमकी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास कुमार
विकास कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










